इस्पात मंत्रालय
भिलाई इस्पात संयंत्र में व्यावसायिक प्रशिक्षुओं हेतु औद्योगिक उन्मुखीकरण कार्यक्रम शुरू
प्रविष्टि तिथि:
13 APR 2026 6:24PM by PIB Raipur
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) ने उद्योग–अकादमिक समन्वय को सुदृढ़ करने और युवाओं की व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए व्यावसायिक प्रशिक्षुओं के लिए औद्योगिक उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया है। यह कार्यक्रम मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास (ह्यूमन रिसोर्स–लर्निंग एंड डेवलपमेंट) केन्द्र में प्रारंभ किया गया, जिसका उद्देश्य कक्षा आधारित शिक्षा और वास्तविक औद्योगिक कार्यप्रणाली के बीच की दूरी को कम करना है।

संयंत्र प्रबंधन के अनुसार, प्रशिक्षण कार्यक्रम को एक संरचित एवं समग्र उन्मुखीकरण मॉड्यूल के रूप में तैयार किया गया है। इसके अंतर्गत प्रतिभागियों को एकीकृत इस्पात संयंत्र की सुरक्षा प्रणाली और परिचालन तंत्र की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम में गैस सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा तथा रेल आवागमन से संबंधित सुरक्षा उपायों जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है। साथ ही, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट) के सही उपयोग पर विशेष बल देते हुए ‘शून्य-हानि’ कार्य संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है। विशेषज्ञों द्वारा संचालित सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षुओं को संयंत्र की जटिल और व्यापक कार्यप्रणाली की व्यावहारिक समझ भी प्रदान की जा रही है।

वित्तीय वर्ष 2025–26 के दौरान भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग ने देश के 187 प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों के साथ सहयोग स्थापित किया है। इनमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), भिलाई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी) और रुंगटा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग जैसे प्रमुख संस्थान शामिल हैं। यह पहल उद्योग और शिक्षा जगत के बीच प्रभावी समन्वय का सशक्त उदाहरण मानी जा रही है।
संयंत्र की प्रशिक्षण पहलों की व्यापकता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गत वित्तीय वर्ष में 1,412 से अधिक प्रशिक्षुओं को सफलतापूर्वक कौशल उन्नयन प्रदान किया गया। इस क्रम को आगे बढ़ाते हुए वित्तीय वर्ष 2026–27 में भी अधिक संख्या में युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान करने की योजना है।
******
RDJ/BT/KV
(रिलीज़ आईडी: 2251628)
आगंतुक पटल : 52
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English