सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

ऐतिहासिक पहल: राष्ट्र ने महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती पर संसद भवन में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की

प्रविष्टि तिथि: 11 APR 2026 8:45PM by PIB Delhi

एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व क्षण में, भारत सरकार ने आज संसद भवन परिसर में महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। यह देश के महानतम समाज सुधारकों में से एक के प्रति राष्ट्र की सर्वोच्च संस्थागत मान्यता का प्रतीक है।

इतिहास में पहली बार, संसद परिसर स्थित 'प्रेरणा स्थल' पर महात्मा ज्योतिबा फुले को पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस कार्यक्रम का नेतृत्व माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु और माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने किया। उनके साथ सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, लोकसभा अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्रीगण, संसद सदस्य और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

राष्ट्रीय नेताओं ने संसद भवन परिसर स्थित 'प्रेरणा स्थल' पर महात्मा ज्योतिबा फुले को पुष्पांजलि अर्पित की और देश का नेतृत्व करने वाले हुए उस महान समाज सुधारक को याद किया, जिनके शिक्षा, सामाजिक समानता और वंचित समुदायों के उत्थान के क्षेत्र में किए गए अग्रणी कार्य आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करते हैं।

यह समारोह महात्मा फुले की उस चिरस्थायी विरासत के प्रति एक एकजुट राष्ट्रीय श्रद्धांजलि का प्रतीक था, जिसमें वे एक दूरदर्शी शिक्षाविद, समाज सुधारक और शोषितों के प्रबल समर्थक के रूप में प्रतिष्ठित हैं।

इस पूरी स्मारक पहल का समन्वय भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले डॉ. अंबेडकर फाउंडेशन ने नोडल एजेंसी के तौर पर किया है, और कार्यक्रम से जुड़ी गतिविधियां नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर (डीएआईसी) में आयोजित की गई हैं।

यह ऐतिहासिक श्रद्धांजलि, माननीय प्रधानमंत्री द्वारा घोषित साल भर चलने वाले राष्ट्रव्यापी समारोहों (अप्रैल 2026 – अप्रैल 2027) की औपचारिक शुरुआत का प्रतीक है। इन समारोहों का उद्देश्य महात्मा ज्योतिबा फुले द्वारा परिकल्पित शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के आदर्शों को देश के हर कोने तक पहुंचाना है।

यह समारोह एक समावेशी और न्यायपूर्ण भारत के निर्माण में महात्मा ज्योतिबा फुले के परिवर्तनकारी दृष्टिकोण का सम्मान करने और उसे आगे बढ़ाने के राष्ट्र के सामूहिक संकल्प का एक जीवंत प्रमाण है।

*****

पीके/केसी/एमपी


(रिलीज़ आईडी: 2251222) आगंतुक पटल : 85
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu