शिक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

आईआईएम रायपुर–सेज पब्लिकेशन्स इंडिया में एमओयू, वैश्विक स्तर का शोध जर्नल ‘एंटरप्रेन्योरशिप एंड एंटरप्राइज डेवलपमेंट रिव्यू’ होगा लॉन्च

प्रविष्टि तिथि: 10 APR 2026 6:40PM by PIB Raipur

भारतीय प्रबंधन संस्थान रायपुर (IIM Raipur) ने अपनी अकादमिक और शोध गतिविधियों को नई दिशा देते हुए सेज पब्लिकेशन्स इंडिया (SAGE Publications India) के साथ समझौता ज्ञापन (Memorandum of Understanding) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के तहत संस्थान शीघ्र ही अपना फ्लैगशिप अकादमिक जर्नल ‘एंटरप्रेन्योरशिप एंड एंटरप्राइज डेवलपमेंट रिव्यू’ (Entrepreneurship and Enterprise Development Review) प्रारंभ करेगा।

यह जर्नल संस्थान के विज़न ‘बिल्डिंग बिजनेस ओनर्स’ के अनुरूप तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य उद्यमिता, एंटरप्राइज डेवलपमेंट तथा बिजनेस इनोवेशन जैसे क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाले शोध को प्रोत्साहित करना है। अंतरराष्ट्रीय प्रकाशक सेज पब्लिकेशन्स इंडिया के साथ सहयोग से इस जर्नल को वैश्विक पहचान और उच्च प्रकाशन मानकों तक पहुंचने में सहायता मिलेगी।

संस्थान के डीन (एक्सटर्नल रिलेशन्स) प्रोफेसर सत्यसिबा दास ने कहा कि भारतीय शोधकर्ता लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स में योगदान दे रहे हैं, किंतु अब समय है कि भारत स्वयं सशक्त और वैश्विक स्तर के प्लेटफॉर्म विकसित करे। उन्होंने कहा कि यह जर्नल उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए निरंतर अकादमिक गुणवत्ता बनाए रखना आवश्यक होगा।

संस्थान के डायरेक्टर-इन-चार्ज प्रोफेसर संजीव प्रसार ने कहा कि यह पहल संस्थान की शैक्षणिक और शोध यात्रा का स्वाभाविक विस्तार है, जिससे बौद्धिक क्षमता और वैश्विक पहचान को और सुदृढ़ता मिलेगी।

सेज पब्लिकेशन्स इंडिया के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. सुगाता घोष ने कहा कि बिजनेस और मैनेजमेंट पब्लिशिंग का क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है और भारत इसमें अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के जर्नल्स भविष्य में वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त करेंगे।

उल्लेखनीय है कि यह जर्नल पिछले दो वर्षों से प्रोफेसर मनोजित चट्टोपाध्याय और प्रोफेसर प्रदीप्तरथि पांडा के मार्गदर्शन में विकसित किया जा रहा है, जिसमें सेज पब्लिकेशन्स इंडिया की टीम का भी सहयोग रहा है। इसे संस्थान की एक प्रमुख पहल के रूप में देखा जा रहा है, जो उच्च स्तरीय शोध, अकादमिक संवाद और वैश्विक प्रबंधन साहित्य में भारत की उपस्थिति को सुदृढ़ करेगा।

समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर समारोह में संस्थान के संकाय सदस्य, शोधार्थी एवं सेज पब्लिकेशन्स इंडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। यह साझेदारी शोध और प्रकाशन के क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

 

******


(रिलीज़ आईडी: 2250918) आगंतुक पटल : 23
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English