रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय सेना का दस्ता भारत-मिस्र संयुक्त विशेष बल अभ्यास 'साइक्लोन' के लिए रवाना हुआ

प्रविष्टि तिथि: 08 APR 2026 6:10PM by PIB Delhi

भारतीय सेना का एक दस्ता भारत-मिस्र संयुक्त विशेष बल अभ्यास ‘साइक्लोन-IV’ के चौथे संस्करण में भाग लेने के लिए मिस्र रवाना हो गया है। यह संयुक्त सैन्य अभ्यास 9 से 17 अप्रैल, 2026 तक मिस्र के अंशास क्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है।

यह अभ्यास भारत और मिस्र के बीच बढ़ते सैन्य सहयोग की निरंतरता का प्रतीक है, जिसे भारत में आयोजित पिछले सफल संस्करण के बाद आगे बढ़ाया जा रहा है। भारतीय दल में विशेष बलों की इकाईयों के 25 चयनित जवान शामिल हैं और वे सभी अपने मिस्र के समकक्षों के साथ वास्तविक युद्धक माहौल में संयुक्त प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य विशेष अभियानों में सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान के माध्यम से संयुक्त मिशन नियोजन क्षमताओं को सुदृढ़ करना तथा दोनों सेनाओं के बीच आपसी तालमेल को और बेहतर बनाना है। इसके अंतर्गत भाग लेने वाले सैनिक रेगिस्तानी व अर्ध-रेगिस्तानी क्षेत्रों में विशेष अभियान से जुड़ी रणनीतियों, तकनीकों और प्रक्रियाओं पर केंद्रित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों की श्रृंखला में भाग लेंगे।

यह संयुक्त अभ्यास पेशेवर विशेषज्ञता के आपसी आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करेगा और दोनों देशों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों को सशक्त बनाने का अवसर प्रदान करेगा। साथ ही, यह एक-दूसरे की सैन्य परंपराओं, कार्य संस्कृति और कार्य कुशलता के दृष्टिकोण को समझने का महत्वपूर्ण मंच भी बनेगा।

अभ्यास साइक्लोन जैसे द्विपक्षीय सैन्य कार्यक्रम भारत और मिस्र के बीच रक्षा सहयोग का एक महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। ये अभ्यास न केवल आपसी विश्वास को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि दोनों देशों की सशस्त्र सेनाओं के बीच संबंधों को भी नई मजबूती प्रदान करते हैं।

***

पीके/केसी/एनके / डीए


(रिलीज़ आईडी: 2250264) आगंतुक पटल : 450
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu