इस्‍पात मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

वित्त वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड विक्रय और उत्पादन के साथ सेल का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

प्रविष्टि तिथि: 02 APR 2026 6:05PM by PIB Raipur

सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख इस्पात उत्पादक कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने वित्त वर्ष 2025-26 में उत्पादन और विक्रय दोनों मोर्चों पर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी ने अपनी ब्रांड उपस्थिति मजबूत करने और ग्राहकों तक पहुंच बढ़ाने के प्रयासों के बीच 20.14 मिलियन टन का अब तक का सर्वाधिक इस्पात विक्रय दर्ज किया, जो पिछले वित्त वर्ष के 18.07 मिलियन टन के मुकाबले 11.5 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है। यह वृद्धि सभी उत्पाद श्रेणियों में व्यापक रूप से देखने को मिली।

उत्पादन के क्षेत्र में भी कंपनी ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। सेल ने 19.43 मिलियन टन कच्चे इस्पात (क्रूड स्टील) तथा 19.176 मिलियन टन विक्रेय इस्पात (सेलेबल स्टील) का उत्पादन कर अपने पूर्व सभी रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। बेहतर परिचालन दक्षता और उन्नत कार्यप्रणालियों के माध्यम से कंपनी ने प्रतिस्पर्धी और टिकाऊ इस्पात उत्पादन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ किया है।

देश के बुनियादी ढांचे के विकास में योगदान देते हुए, सेल ने भारतीय रेलवे को 1.25 मिलियन टन इस्पात की रिकॉर्ड आपूर्ति की। साथ ही, कंपनी की यूनिवर्सल रेल मिल से अब तक का सर्वाधिक उत्पादन भी दर्ज किया गया, जो राष्ट्रीय रेल नेटवर्क के विस्तार में उसकी रणनीतिक भूमिका को रेखांकित करता है।

निर्यात के मोर्चे पर भी कंपनी ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। वित्त वर्ष 2025-26 में सेल के इस्पात निर्यात में 162 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो बढ़कर 2.9 लाख टन तक पहुंच गया। कंपनी ने भूटान सहित नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी उपस्थिति का विस्तार किया है।

इन उपलब्धियों के साथ स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने न केवल अपनी परिचालन क्षमता को प्रमाणित किया है, बल्कि मूल्य संवर्धन, ब्रांड सुदृढ़ीकरण और वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति को भी और मजबूत किया है।

*****


(रिलीज़ आईडी: 2248523) आगंतुक पटल : 10
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English