सहकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सहकार टैक्सी और दिल्ली पुलिस के बीच समझौता ज्ञापन

प्रविष्टि तिथि: 01 APR 2026 5:14PM by PIB Delhi

दिल्ली के 21 स्थानों पर स्थित 34 प्री-पेड टैक्सी बूथों के प्रबंधन और डिजिटल एकीकरण के लिए एक सहयोगात्मक फ्रेमवर्क स्थापित करने हेतु दिनांक 4 फरवरी 2026 को सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (एसटीसीएल) और दिल्ली यातायात पुलिस के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए थे।

समझौता ज्ञापन (एमओयू) एक स्पष्ट परिचालन फ्रेमवर्क प्रदान करता है, जिसमें:

  • दिल्ली यातायात पुलिस प्री-पेड बूथों के प्रबंधन और संचालन, बूथ कर्मचारियों की भर्ती, चालक सत्यापन और नियंत्रण कक्ष तंत्र की स्थापना सहित यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उत्तरदायी है।
  • एसटीसीएल डिजिटल एकीकरण, वित्तीय प्रबंधन ,कर्मचारियों के वेतन का भुगतान सहित , बूथों के रखरखाव, और ब्रांडिंग/विपणन कार्यकलापों के लिए उत्तरदायी है।

इस समझौते का उद्देश्य डिजिटल सक्षमता के माध्यम से मौजूदा प्रीपेड टैक्सी प्रणाली का आधुनिकीकरण करते हुए सुरक्षा, पारदर्शिता, यात्रियों की सुगमता और चालक की आय में वृद्धि करना है । भारत टैक्सी ने इन बूथों पर मौजूदा पात्र जनशक्ति को प्रशिक्षित करने और उन्हें नियोजित करने  के साथ-साथ अतिरिक्त कर्मियों को काम पर रखा  है।

सहकारी फ्रेमवर्क के भीतर भर्ती प्रचालनात्मक आवश्यकताओं और सेवाओं के चरणबद्ध विस्तार के अनुसार की जाती है। सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (एसटीसीएल) अपनी अनुमोदित संगठनात्मक संरचना और व्यावसायिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए, समय-समय पर नियोजित कर्मियों की संख्या का निर्धारण करता है। दिनांक 23 मार्च, 2026 की स्थिति के अनुसार इस प्लेटफॉर्म पर सहायता और परिचालन संबंधी भूमिकाओं में लगभग 130 कर्मियों को नियोजित किया गया है।

यह सहकारी समिति आत्म-निर्भर तथा बिना लाभ हानि के आधार पर कार्य करती है। कर्मियों का नियोजन परिचालन संबंधी आवश्यकताओं, वित्तीय मितव्ययिता और सेवा वितरण की जरूरतों के अनुरूप किया जाता है । सहकारी समिति द्वारा समय-समय पर किसी भी पुनर्गठन या नई नियुक्ति की प्रक्रिया, परिचालन दक्षता में सुधार, सेवाओं की संधारणीयता सुनिश्चित करने और बदलती मांग की स्थितियों के अनुरूप, लागू मानदंडों और प्रक्रियाओं के अनुसार संचालित की जाती है।

 

यह जानकारी केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

*****

AK/AP


(रिलीज़ आईडी: 2247846) आगंतुक पटल : 71
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu