सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय
सक्रिय सहकारी समितियों के त्वरित सर्वेक्षण (आरएसएफसी) के लिए 25 मार्च, 2026 को नई दिल्ली में प्रशिक्षकों की अखिल भारतीय कार्यशाला का आयोजन
प्रविष्टि तिथि:
24 MAR 2026 5:23PM by PIB Delhi
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) सक्रिय सहकारी समितियों के त्वरित सर्वेक्षण (आरएसएफसी) के लिए अखिल भारतीय प्रशिक्षक कार्यशाला (एआईडब्ल्यूओटी) का आयोजन 25 मार्च, 2026 को नई दिल्ली में लोधी रोड स्थित स्कोप में किया जाएगा। यह सर्वेक्षण अप्रैल 2026 से शुरू होकर छह महीने की अवधि तक चलेगा। यह कार्यशाला (एआईडब्ल्यूओटी) अखिल भारतीय स्तर पर सर्वेक्षण के क्षेत्र कार्य के शुभारम्भ से पहले का एक तैयारी प्रशिक्षण कार्यक्रम है।
इस कार्यशाला में सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) और सहकारिता मंत्रालय (एमओसी) के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। फील्ड ऑपरेशंस डिवीजन (एफओडी) के सभी जोनल, रीजनल और सब-रीजनल कार्यालयों के फील्ड अधिकारी भी कार्यशाला में शामिल होंगे, जो आगामी क्षेत्रीय प्रशिक्षणों के लिए मास्टर ट्रेनर के रूप में कार्य करेंगे।
सक्रिय सहकारी समितियों पर त्वरित सर्वेक्षण का उद्देश्य रोजगार सृजन और आर्थिक योगदान के संदर्भ में सक्रिय सहकारी समितियों के योगदान को समझना है। यह सर्वेक्षण देशभर के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में होगा और इसमें ऋण, डेयरी, मत्स्य पालन और आवास सहकारी समितियों जैसे लगभग 30 क्षेत्र शामिल होंगे। इसका उद्देश्य सहकारी समितियों द्वारा सृजित सकल मूल्य वर्धित (जीवीए), सकल उत्पादन मूल्य (जीवीओ) और रोजगार सहित प्रमुख आर्थिक संकेतकों का अनुमान लगाना है, जिससे सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में उनके योगदान को मापना और साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण में सहायता करना संभव हो सके। सर्वेक्षण में राष्ट्रीय सहकारी डेटाबेस (एनसीडी) से प्राप्त सूची ढांचे का उपयोग किया जाएगा और डेटा को एनएसओ (एफओडी) के अनुभवी और प्रशिक्षित अधिकारी वेब पोर्टल के माध्यम से एकत्र करेंगे।
***
पीके/केसी/एके/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2244872)
आगंतुक पटल : 22