गृह मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

फोरेंसिक जांच हेतु सीएफएसएल को सहायता

प्रविष्टि तिथि: 24 MAR 2026 4:19PM by PIB Delhi

 सरकार ने उभरते हुए साइबर खतरों से निपटने के लिए साइबर फोरेंसिक जांच को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से, दिल्ली, कामरूप (असम), भोपाल (मध्य प्रदेश), पुणे (महाराष्ट्र), चंडीगढ़ और कोलकाता (पश्चिम बंगाल) में स्थित 06 केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशालाओं (सीएफएसएल) में ₹126.84 करोड़ के कुल वित्तीय परिव्यय से 06 राष्ट्रीय साइबर फोरेंसिक प्रयोगशालाओं (एनसीएफएल) की स्थापना को अनुमोदन प्रदान किया है। वर्तमान में, दिल्ली और कामरूप (असम) स्थित एनसीएफएल क्रियान्वित हैं। कोलकाता सहित शेष एनसीएफएल की स्थापना विभिन्न चरणों में है।

सीएफएसएल कोलकाता, उभरते हुए साइबर खतरों से निपटने के लिए साइबर फोरेंसिक जाँचों में सहायता हेतु, मोबाइल फोरेंसिक उपकरण, डिस्क फोरेंसिक उपकरण, डीवीआर फोरेंसिक उपकरण आदि जैसे आवश्यक साइबर फोरेंसिक उपकरणों से सुसज्जित है।

पिछले तीन वर्षों के दौरान सीएफएसएल कोलकाता द्वारा कुल लगभग 794 साइबर / कंप्यूटर फोरेंसिक मामलों का निपटान किया गया। राष्ट्रीय साइबर फोरेंसिक प्रयोगशालाओं (एनसीएफएल) की स्थापना का उद्देश्य, साइबर/डिजिटल साक्ष्यों को संभालने के लिए विशेष अवसंरचना, उन्नत उपकरण और समर्पित विशेषज्ञता प्रदान करके, केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशालाओं की साइबर फोरेंसिक जाँच क्षमता को बढ़ाना है। इस बढ़ी हुई क्षमता का उद्देश्य साइबर-संबंधी मामलों की जाँच को सुगम बनाना है।

(घ) और (ङ): वर्तमान में, सीएफएसएल कोलकाता में कुल 03 (तीन) इन-हाउस नियमित विशेषज्ञ और संविदात्मक फोरेंसिक पेशेवर साइबर फोरेंसिक मामलों को देख रहे हैं। इसके अतिरिक्त, प्रयोगशाला में साइबर फोरेंसिक जांच में सहायता के लिए सीएफएसएल कोलकाता द्वारा संविदात्मक आधार पर 10 डिजिटल विशेषज्ञों को भी नियुक्त किया गया है। सीएफएसएल में वैज्ञानिक जनशक्ति की भर्ती एक सतत प्रक्रिया है।

सीएफएसएल कोलकाता में मामलों की जाँच में सहायता के लिए आवश्यक अवसंरचना मौजूद है, जिसमें साइबर-संबंधी मामले भी शामिल हैं। इसके अलावा, उन्नत साइबर फोरेंसिक उपकरणों की खरीद, आवश्यक प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन और अंतर्राष्ट्रीय फोरेंसिक एजेंसियों के साथ सहयोग सहित प्रयोगशाला को और अधिक सुदृढ़ और उन्नत बनाना एक सतत प्रक्रिया है।

यह जानकारी गृह राज्य मंत्री श्री बंडी संजय कुमार ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

******

पीके/ केसी/ केजे


(रिलीज़ आईडी: 2244706) आगंतुक पटल : 44
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu