संचार मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

दूरसंचार विभाग (डीओटी) ने 100 5जी यूज केस लैब्स पहल के तहत 5जी इनोवेशन हैकाथॉन 2026 का शुभारंभ किया


अगली पीढ़ी के दूरसंचार समाधानों को बढ़ावा देने के लिए 5जी इनोवेशन हैकाथॉन 2026 की घोषणा की गई है

राष्ट्रीय हैकाथॉन 5जी, आईओटी और एआई के नेतृत्व वाले डिजिटल परिवर्तन को बढ़ावा देगा

5जी इनोवेशन हैकाथॉन 2026 के लिए छात्रों, स्टार्ट-अप्स और एमएसएमई को आमंत्रित किया गया

सरकार 5जी नवप्रवर्तकों को वित्तीय सहायता, प्रयोगशाला तक पहुंच और बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) सहायता प्रदान करती है

इस पहल का उद्देश्य अगली पीढ़ी की प्रौद्योगिकियों में स्वदेशी विकास को बढ़ावा देना है

5जी इनोवेशन हैकाथॉन 2026 के तहत 10 लाख रुपये से अधिक के पुरस्कार दिए जाएंगे

विजेता नवाचारों को इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में प्रदर्शित किया जाएगा

प्रविष्टि तिथि: 20 MAR 2026 9:56PM by PIB Delhi

संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग (डीओटी) ने अपने प्रमुख कार्यक्रम 5जी इनोवेशन हैकाथॉन 2026 के दूसरे संस्करण का शुभारंभ किया है, जो पिछले संस्करण को मिली उत्साहजनक प्रतिक्रिया पर आधारित है। 100 5जी यूज केस लैब्स पहल के तहत आयोजित इस हैकाथॉन का उद्देश्य 5जी और संबद्ध प्रौद्योगिकियों का लाभ उठाते हुए नवीन और कुशलतापूर्ण समाधानों के विकास को उत्प्रेरित करना है। इसमें देश भर के छात्रों, स्टार्ट-अप्स, एमएसएमई और नवोन्मेषकों की भागीदारी आमंत्रित की जाती है।

प्रस्तावों के लिए आमंत्रण

हैकाथॉन की शुरुआत आज (20 मार्च, 2026) से प्रस्तावों के लिए आमंत्रण के साथ होगी और प्रस्ताव जमा करने की प्रक्रिया 17 अप्रैल, 2026 तक खुली रहेगी। प्रस्ताव नामित 100 5जी यूज केस लैब संस्थानों के माध्यम से प्राप्त किए जाएंगे, जो नोडल केंद्रों के रूप में कार्य करेंगे। सभी प्रविष्टियों को एक संरचित बहु-स्तरीय मूल्यांकन प्रक्रिया से गुजरना होगा, जिसमें संस्थान-स्तरीय स्क्रीनिंग, क्षेत्रीय समिति मूल्यांकन, प्रस्तुतियों के आधार पर राष्ट्रीय स्तर का मूल्यांकन, प्रोटोटाइप विकास सहायता और भौतिक प्रदर्शनों के आधार पर अंतिम मूल्यांकन शामिल हैं।

प्रारंभिक वित्तपोषण और 5जी प्रयोगशालाओं तक पहुंच

चयनित टीमों को अपने विचारों को कार्यशील प्रोटोटाइप में बदलने के लिए वित्तीय और अवसंरचनात्मक दोनों प्रकार की सहायता प्रदान की जाएगी। इस उद्देश्य के लिए 50 लाख रुपये का एक प्रारंभिक वित्तपोषण फंड निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त टीमों को अपने समाधानों के परीक्षण, सत्यापन और परिष्करण के लिए प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में स्थापित 100 5जी यूज केस लैब्स में उपलब्ध उन्नत बुनियादी ढांचे तक पहुंच प्राप्त होगी।

नवप्रवर्तकों के लिए 10 लाख रुपये से अधिक का पुरस्कार फंड और बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) सहायता

इस हैकाथॉन में कुल मिलाकर 10 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि रखी गई है। प्रथम पुरस्कार में 5,00,000 रुपये उसके बाद उपविजेता को 3,00,000 रुपये और दूसरे उपविजेता को 1,50,000 रुपये के साथ-साथ सर्वश्रेष्ठ विचार के लिए 50,000 रुपये का विशेष पुरस्कार भी शामिल है। इसके अतिरिक्त बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) दाखिल करने के लिए समर्थन को अधिकतम 25 टीमों तक बढ़ाया जाएगा। अंतिम परिणाम 1 अक्टूबर, 2026 को घोषित किए जाएंगे और चयनित नवाचारों को इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में प्रदर्शित किया जाएगा और पुरस्कृत किया जाएगा।

5जी, एआई, आईओटी और नेटवर्क सुरक्षा को कवर करने वाले व्यापक विषयगत क्षेत्र

5जी और 5जी एडवांस्ड-आधारित उपयोग के मामलों, दूरसंचार प्रौद्योगिकी विकास के साथ-साथ नेटवर्क संचालन और रखरखाव के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मशीन लर्निंग के अनुप्रयोगों, स्वास्थ्य सेवा, कृषि, शिक्षा, औद्योगिक स्वचालन और अर्थव्यवस्था के अन्य प्रमुख क्षेत्रों में आईओटी-सक्षम अनुप्रयोगों, आपदा प्रबंधन के लिए 5जी/5जी एडवांस्ड-आधारित अनुप्रयोगों, रेडकैप उपयोगकर्ता उपकरण और फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस  (एफडब्ल्यूए) सहित विषयगत क्षेत्रों की एक विस्तृत शृंखला में आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं। अतिरिक्त फोकस क्षेत्रों में गैर-स्थलीय नेटवर्क और उनका 5जी/5जी एडवांस सिस्टम के साथ एकीकरण, नेटवर्क स्लाइसिंग और क्वॉलिटी ऑफ सर्विस और अन्य नेटिव 5जी सुविधाओं सहित उन्नत नेटवर्क क्षमताओं का लाभ उठाने वाले 5जी उपयोग के मामले और अगली पीढ़ी के संचार प्रणालियों के लिए दूरसंचार सुरक्षा समाधान शामिल हैं।

डीओटी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं।

इच्छुक प्रतिभागी  https://eservices.dot.gov.in/5ghackathon/ पर ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।

यह पहल नवाचार को बढ़ावा देने और भारत के दूरसंचार पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

 

अधिक जानकारी के लिए डीओटी हैंडल को फॉलो करें:

X - https://x.com/DoT_India

Insta- https://www.instagram.com/department_of_telecom?igsh=MXUxbHFjd3llZTU0YQ==

Fb - https://www.facebook.com/DoTIndia

Youtube: https://youtube.com/@departmentoftelecom?si=DALnhYkt89U5jAaa

****

पीके/केसी/आरकेजे


(रिलीज़ आईडी: 2243240) आगंतुक पटल : 105
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English