सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

वरिष्ठ नागरिकों की अमृत उद्यान की विशेष यात्रा


राष्ट्रपति भवन स्थित प्रतिष्ठित अमृत उद्यान के भ्रमण के लिए लगभग 11,550 वरिष्ठ नागरिकों को सुविधा प्रदान की गई

प्रविष्टि तिथि: 17 MAR 2026 8:48PM by PIB Delhi

राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान को 17 मार्च 2026 को विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के लिए खोला गया। भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने राज्य/केंद्र शासित प्रदेशों, राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान(एनआईएसडी), भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम(एलिम्को), अनुग्रह-क्षेत्रीय संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र तथा ब्रह्माकुमारी के सहयोग से वरिष्ठ नागरिकों के लिए अमृत उद्यान का विशेष भ्रमण आयोजित किया। यह पहल वरिष्ठ नागरिकों को उद्यानों की सुंदरता का अनुभव करने का अवसर प्रदान करने, उनके सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने तथा उनके समग्र कल्याण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया।  

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001QICO.jpg

देश के अलग-अलग हिस्सों से आए लगभग 11,550 वरिष्ठ नागरिकों—जिनमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र,  पंजाब, मणिपुर तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र शामिल हैं—को उनके लिए विशेष रूप से आरक्षित दिन पर उद्यानों के भ्रमण की सुविधा प्रदान की गई। वरिष्ठ नागरिकों की यात्रा को सुगम बनाने के लिए दिल्ली परिवहन निगम द्वारा विशेष परिवहन व्यवस्था की गई। मंत्रालय के अधिकारियों और स्वयंसेवकों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया, ताकि आगंतुकों की सहायता की जा सके और यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनका भ्रमण आरामदायक और सुव्यवस्थित हो।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image002YAXA.jpg

इस भ्रमण के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने अमृत उद्यान के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया, जो अपने खूबसूरती से सजाए गए लॉन, जीवंत मौसमी फूलों और अनोखे बागवानी डिज़ाइनों के लिए व्यापक रूप से जाने जाते हैं। प्रतिभागियों ने देश के सबसे प्रमुख सार्वजनिक उद्यानों में से एक का दौरा करने का अवसर मिलने पर सराहना व्यक्त की और वहां के शांत तथा रंग-बिरंगे वातावरण का आनंद लिया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image003GCBO.jpg

राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान को हर वर्ष वसंत ऋतु के दौरान आम जनता के लिए खोला जाता है, जिससे देशभर से आने वाले आगंतुक यहां के फूलों की समृद्ध विविधता, सुसज्जित उद्यानों और अनूठी बागवानी व्यवस्थाओं का आनंद ले सकें।

यह पहल वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और गरिमा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है तथा उनके सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन में सक्रिय सहभागिता को प्रोत्साहित करती है। ऐसी पहलें वरिष्ठ नागरिकों को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय धरोहर स्थलों और सार्वजनिक स्थानों से अधिक जुड़ाव के लिए भी प्रेरित करती हैं।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image004CIGE.jpg

सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय देशभर में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए विभिन्न कार्यक्रमों और पहलों को निरंतर लागू करता रहा है। 'अटल वयो अभ्युदय योजना' के अंतर्गत कई कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं, आजीविका सहायता और सामाजिक देखभाल से संबंधित पहलों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार करना है।

******

पीके/केसी/पीकेपी/


(रिलीज़ आईडी: 2241548) आगंतुक पटल : 58
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu