पर्यटन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत में यात्रा सुगमता

प्रविष्टि तिथि: 16 MAR 2026 3:43PM by PIB Delhi

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज लोकसभा में एक प्रश्‍न के लिखित उत्तर में बताया कि पर्यटन स्थल विकसित करने के लिए प्रभावी और पर्याप्त सम्‍पर्क मार्ग महत्वपूर्ण है। पर्यटन मंत्रालय, नागर विमानन मंत्रालय के साथ मिलकर अपार संभावनाओं वाले महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों और अल्‍प ज्ञात/नए पर्यटन स्थलों तक हवाई सम्‍पर्क में सुधार के लिए काम कर रहा है। मंत्रालय ने नागर विमानन मंत्रालय की क्षेत्रीय सम्‍पर्क योजना- उड़े देश का आम नागरिक (आरसीएस-उड़ान) के तहत उसके साथ समन्वय कर 53 चिन्हित पर्यटन मार्गों के लिए व्यवहार्यता अंतर निधि (वीजीएफ) राशि साझा कर रहा है।

भारत में विदेशी पर्यटकों, पेशेवरों और कुशल कार्यबल, व्यापारियों, विद्यार्थियों सहित विदेशी नागरिकों की वैध आवाजाही के लिए ई-वीजा व्यवस्था लागू है। भारत सरकार ने वैध विदेशी यात्रियों को सुविधा प्रदान करने के साथ ही आंतरिक सुरक्षा बढ़ाने के लिए तकनीकी बुनियादी अवसंरचना सुदृढ बनाने के उद्देश्य से वीजा व्यवस्था उदार बनाने, सुव्यवस्थित करने और सरल बनाने के लिए पिछले कुछ वर्षों में कई पहल की हैं।

भारतीय वीज़ा प्रणाली, विशेषकर पर्यटक वीज़ा प्रणाली को उदार और सरल बनाने की दिशा में ई-वीज़ा सुविधा महत्वपूर्ण कदम है। ई-वीज़ा प्रक्रिया पूर्णतया ऑनलाइन है और कोई भी विदेशी नागरिक कहीं से भी ई-वीज़ा के लिए आवेदन कर सकता है। ई-वीज़ा आरंभ होने से पर्यटन, व्यापार और चिकित्सा जैसे वैध उद्देश्यों से विदेशी नागरिकों को भारत में बिना किसी परेशानी के प्रवेश में मदद मिल रही है।

पर्यटन मंत्रालय ने अधिक पारदर्शिता, उत्‍तरदायित्‍व  और बेहतर सेवा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से  आवास इकाइयों के वर्गीकरण और पर्यटन सेवा प्रदाताओं की मान्यता के लिए आवेदन प्राप्त करने, प्रक्रियात्‍मक संचालन और अनुमोदन देने ऑनलाइन प्रणाली आरंभ की है। आवेदन राष्ट्रीय एकीकृत आतिथ्य उद्योग डेटाबेस (NIDHI+) के पोर्टल nidhi.tourism.gov.in पर जमा किए जा सकते हैं। इस ऑनलाइन प्रक्रिया को पेमेंट गेटवे से भी जोड़ा गया है।

पर्यटन मंत्रालय पर्यटकों की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से पर्यटन मंत्रालय ने घरेलू और विदेशी पर्यटकों के लिए चौबीसों घंटे परिचालित बहुभाषी पर्यटक हेल्पलाइन शुरू की है, जिसका टोल फ्री नंबर 1800111363 या शॉर्ट कोड 1363 है। यह हेल्पलाइन 10 अंतरराष्ट्रीय भाषा सहित 12 भाषाओं में उपलब्ध है। इसका उद्देश्य भारत में यात्रा संबंधी जानकारी प्रदान करना और भारत में यात्रा के दौरान किसी संकट की स्थिति में  पर्यटकों को उचित मार्गदर्शन देना है।

***

पीके/केसी/एकेवी/जीआरएस


(रिलीज़ आईडी: 2240900) आगंतुक पटल : 35
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu