खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय मंत्री श्री चिराग पासवान ने 13 मार्च को असम के तेजपुर विश्वविद्यालय में पीएमएफएमई योजना के तहत इनक्यूबेशन केन्द्र का उद्घाटन किया

प्रविष्टि तिथि: 13 MAR 2026 8:33PM by PIB Delhi

खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री श्री चिराग पासवान ने 13 मार्च, 2026 को असम के सोनितपुर जिले में स्थित तेजपुर विश्वविद्यालय में अत्याधुनिक कॉमन इन्क्यूबेशन केन्द्र का उद्घाटन किया। यह केन्द्र भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय (एमओएफपीआई) की 100 प्रतिशत वित्तीय सहायता से प्रधानमंत्री की सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिककरण योजना (पीएमएफएमई योजना) के अंतर्गत स्थापित किया गया है।

इस इन्क्यूबेशन केन्द्र को आधुनिक खाद्य प्रसंस्करण नवाचार और उद्यमिता केंद्र के रूप में स्थापित किया गया है, जिसका उद्देश्य सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), सहकारी समितियों, स्टार्टअप्स और महत्वाकांक्षी उद्यमियों को सहायता प्रदान करना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री जी द्वारा पीएमएफएमई इनक्यूबेशन केन्द्र के उद्घाटन के साथ हुआ। इस अवसर पर तेजपुर निर्वाचन क्षेत्र के विधायक श्री पृथ्वीराज राभा, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री डी. प्रवीण, तेजपुर विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर प्रोफेसर अमरेंद्र कुमार दास, एआईडीसी की निदेशक श्री मेघा निधि दहल, असम सरकार के अतिरिक्त सचिव श्री सज्जाद आलम और जिला आयुक्त श्री आनंद कुमार दास उपस्थित थे। इसके बाद मंत्री जी ने पीएमएफएमई योजना के लाभार्थियों, उद्यमियों, स्टार्टअप्स, तेजपुर विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों और खाद्य प्रसंस्करण पारिस्थितिकी तंत्र के अन्य हितधारकों के साथ संवाद किया।

अपने स्वागत भाषण में, तेजपुर विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर, प्रोफेसर अमरेंद्र कुमार दास ने इस पहल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह भी बताया कि तेजपुर विश्वविद्यालय का खाद्य अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी विभाग प्रसंस्करण प्रौद्योगिकियों, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, लेबलिंग और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन जैसे क्षेत्रों में उद्यमियों को तकनीकी मार्गदर्शन और सलाह प्रदान करेगा।

अपने उद्घाटन भाषण में, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री डी. प्रवीण ने एक जीवंत खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के निर्माण के लिए सरकार, शिक्षाविदों और उद्यमियों के बीच सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला । उन्होंने यह भी बताया कि खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय ने इस इनक्यूबेशन केन्द्र के लिए 2.35 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की है।

तेजपुर निर्वाचन क्षेत्र के विधायक श्री पृथ्वीराज राभा ने अपने संबोधन में विश्वविद्यालय के छात्रों को खाद्य प्रसंस्करण और कौशल विकास पाठ्यक्रम अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया ताकि वे इस क्षेत्र में उभरते अवसरों का लाभ उठा सकें। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे भविष्य के उद्यमी बनें और क्षेत्रीय आर्थिक विकास और रोजगार सृजन में योगदान दें।

खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री श्री चिराग पासवान ने अपने उद्घाटन भाषण में कृषि उत्पादों में नवाचार, उद्यमशीलता और मूल्यवर्धन के माध्यम से उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में खाद्य प्रसंस्करण पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए भारत सरकार के दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला।

युवाओं को नौकरी चाहने वालों के बजाय नौकरी देने वालों के रूप में प्रोत्साहित करते हुए, मंत्री ने खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में बढ़ते अवसरों पर जोर दिया, जहां कई पेशेवर अब उद्यम शुरू कर रहे हैं। उन्होंने फलों, अनाजों, मसालों, बेकरी और अन्य क्षेत्रों के लिए सात विशेष प्रसंस्करण और सहायक लाइनें स्थापित करने के लिए विश्वविद्यालय की सराहना की, जो उद्यमियों को नए उत्पादों को विकसित करने और उनका व्यावसायीकरण करने में मदद करेंगी। उम्मीद है कि यह सुविधा सोनितपुर और दरांग, उदलगुरी, बिश्वनाथ, नागांव और गोलाघाट सहित पड़ोसी जिलों को सेवा प्रदान करेगी, जिससे खाद्य प्रसंस्करण उद्यम विकास के लिए एक क्षेत्रीय केंद्र बनेगा।

आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत पीएमएफएमई योजना के प्रभाव को रेखांकित करते हुए, श्री पासवान ने बताया कि देश भर में 1.87 लाख से अधिक सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों को ऋण स्वीकृत किए गए हैं, जिससे वित्तीय सहायता, क्षमता निर्माण और बाजार संपर्क के माध्यम से परिवार कल्याण संगठनों, स्वयं सहायता समूहों, सहकारी समितियों और किसानों को लाभ हुआ है।

उन्होंने खाद्य अपशिष्ट को कम करने, मूल्य श्रृंखलाओं में सुधार करने और किसानों की आय दोगुनी करने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए "खेत से थाली तक" दृष्टिकोण के महत्व पर जोर दिया। मंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय खाद्य उत्पादों के उत्पादन, गुणवत्ता, निर्यात और प्रचार-प्रसार को बढ़ाकर भारत "वैश्विक खाद्य भंडार" के रूप में उभरने की क्षमता रखता है।

उन्होंने असम को पूर्वोत्तर का प्रवेश द्वार बताते हुए इस क्षेत्र में खाद्य प्रसंस्करण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर सरकार के विशेष ध्यान को दोहराया।

अपने दृष्टिकोण को व्यक्त करते हुए, श्री पासवान ने कहा, "मैं दुनिया भर में हर खाने की मेज पर 'मेड इन इंडिया' खाद्य उत्पाद देखना चाहता हूं।"

 

****

पीके/केसी/एमके/एनके


(रिलीज़ आईडी: 2240131) आगंतुक पटल : 32
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English