राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग
azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने हरियाणा के गुरुग्राम जिले के बिलासपुर क्षेत्र के पास एक निर्माणाधीन स्थल पर दीवार गिरने से सात श्रमिकों की मौत और तीन अन्य के घायल होने की घटना का स्वतः संज्ञान लिया है


राज्य के मुख्य सचिव और गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है

रिपोर्ट में घायल व्यक्तियों के स्वास्थ्य की स्थिति, जांच और मृतक एवं घायल व्यक्तियों के परिजनों को दिए गए मुआवजे (यदि कोई हो) का विवरण शामिल होना चाहिए

प्रविष्टि तिथि: 13 MAR 2026 12:29PM by PIB Delhi

भारत के राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने उन मीडिया रिपोर्टों का स्वतः संज्ञान लिया है, जिनमें 9 मार्च 2026 को हरियाणा के गुरुग्राम के बिलासपुर क्षेत्र के पास एक निर्माणाधीन स्थल पर दीवार गिरने से कम से कम सात श्रमिकों की मौत और तीन अन्य के घायल होने का जिक्र है। खबरों के अनुसार, लगभग दस और श्रमिकों के मलबे के नीचे फंसे होने की आशंका है। यह घटना उस स्थल पर हुई जहां एक आगामी आवासीय परियोजना के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जा रहा है।

आयोग ने पाया है कि समाचार रिपोर्ट में उल्लिखित तथ्य, यदि सत्य हैं, तो पीड़ितों के मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मुद्दा बनता है। अतः आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव और गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में घायल व्यक्तियों के स्वास्थ्य की स्थिति, जांच और मृतक एवं घायल व्यक्तियों के परिजनों को दिए गए मुआवजे (यदि कोई हो) का विवरण शामिल होना चाहिए।

10 मार्च 2026 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस के साथ-साथ नागरिक सुरक्षा दल, बचावकर्मी, दमकलकर्मी और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल के कर्मियों सहित अन्य एजेंसियां ​​मलबे के नीचे फंसे श्रमिकों की तलाश कर रही थीं।

****

पीके/केसी/पीएस


(रिलीज़ आईडी: 2239504) आगंतुक पटल : 67
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati , Urdu , Punjabi