वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रीय सीमेंट एवं भवन सामग्री परिषद ने सीमेंट क्षेत्र के लिए कार्बन कैप्चर प्रौद्योगिकियों के विकास में सहयोग हेतु ट्रेसएक्सरो टेक्नोलॉजीज के साथ साझेदारी की

प्रविष्टि तिथि: 12 MAR 2026 6:45PM by PIB Delhi

राष्ट्रीय सीमेंट और भवन सामग्री परिषद (एनसीबी) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) के अंतर्गत आने वाली एक शीर्ष अनुसंधान व विकास संस्था है। इसने मेसर्स ट्रेसएक्सरो टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता किया है। ट्रेसएक्सरो टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड एक भारतीय प्रौद्योगिकी स्टार्टअप है, जो औद्योगिक डीकार्बोनाइजेशन और कार्बन कैप्चर समाधानों के क्षेत्र में काम कर रही है। यह स्टार्टअप एनसीबी में ही विकसित हुआ है और उन्नत प्रौद्योगिकी आधारित समाधानों के माध्यम से उद्योगों के कार्बन उत्सर्जन को कम करने पर केंद्रित है।

इस सहयोग का उद्देश्य सीमेंट और निर्माण सामग्री क्षेत्र के लिए उन्नत कार्बन कैप्चर एंड यूटिलाइजेशन (सीसीयू) प्रौद्योगिकियों के विकास, तकनीकी सत्यापन एवं संभावित व्यावसायीकरण में सहायता करना है।

सीमेंट उद्योग अवसंरचना विकास और आर्थिक विकास के प्रमुख स्तंभों में से एक है। यह क्षेत्र वैश्विक कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में लगभग 7 प्रतिशत का योगदान देता है और प्रक्रिया संबंधी उत्सर्जन के कारण इसे कम करना कठिन माना जाता है। कार्बन कैप्चर और यूटिलाइजेशन को सीमेंट उद्योग में नेट जीरो के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण उपायों में से एक के रूप में पहचाना गया है।

ट्रेसएक्सरो एक ऐसी तकनीक विकसित कर रहा है, जो एक विशेष विलायक प्रक्रिया का उपयोग करके कार्बन डाइऑक्साइड को पकड़ती है और इकट्ठी की गई कार्बन डाइऑक्साइड को ग्रेफाइट कार्बन और अंततः ग्राफीन में परिवर्तित करती है, जिससे उत्सर्जन को अपशिष्ट धारा के बजाय संभावित रूप से मूल्यवान सामग्री संसाधन में बदल दिया जाता है।

एनसीबी भारत में सीमेंट और निर्माण सामग्री क्षेत्र के लिए अनुसंधान, प्रौद्योगिकी विकास एवं औद्योगिक सेवाओं के क्षेत्र में कार्यरत है। एनसीबी अपनी प्रयोगशालाओं, प्रायोगिक सुविधाओं एवं तकनीकी विशेषज्ञता के माध्यम से उद्योग, शिक्षा जगत व उभरते प्रौद्योगिकी विकासकर्ताओं को वैज्ञानिक और तकनीकी सहायता प्रदान करता है।

एनसीबी स्टार्ट-अप्स और प्रौद्योगिकी नवप्रवर्तकों के साथ सहयोग के माध्यम से उन स्टार्ट-अप्स का सहयोग करना चाहता है, जो अगली पीढ़ी के समाधानों के विकास एवं सत्यापन में शामिल हैं। यह उत्पादकता और प्रतिस्पर्धात्मकता को बनाए रखते हुए उद्योग जगत को स्थिरता संबंधी चुनौतियों का समाधान करने में मदद कर सकते हैं।

यह समझौता 10 मार्च, 2026 को एनसीबी बल्लभगढ़ में एनसीबी के संयुक्त निदेशक और सचिव डॉ. एस. के. चतुर्वेदी और ट्रेसएक्सरो टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के सह-संस्थापक श्री रीतम चौधरी द्वारा एनसीबी के महानिदेशक डॉ. एल. पी. सिंह तथा एनसीबी के केंद्रों एवं सेवा समूहों के प्रमुखों की उपस्थिति में हस्ताक्षरित किया गया था।

 No alternative text description for this image

 

पीके/केसी/एनके


(रिलीज़ आईडी: 2239237) आगंतुक पटल : 33
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English