संचार मंत्रालय
स्पेन के बार्सिलोना में आयोजित मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस (एमडब्ल्यूसी) 2026 में प्रतिष्ठित ग्लोबल मोबाइल (ग्लोमो) पुरस्कारों में सी-डॉट का स्वदेशी एआई-आधारित धोखाधड़ी पहचान समाधान 'फ्रॉडप्रो' शीर्ष फाइनलिस्टों में शामिल
फ्रॉडप्रो नेटवर्क में फर्जी मोबाइल कनेक्शनों की पहचान करने के लिए एआई, एमएल और चेहरे की डुप्लीकेशन तकनीक का इस्तेमाल
एमडब्ल्यूसी में जीएसएमए (ग्लोबल सिस्टम फॉर मोबाइल कम्युनिकेशंस एसोसिएशन) द्वारा आयोजित ग्लोमो अवॉर्ड को दूरसंचार उद्योग के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक माना जाता है, जो वैश्विक डिजिटल इकोसिस्टम को बदलने वाली अभूतपूर्व तकनीकों और नवाचारों का जश्न मनाते हैं
प्रविष्टि तिथि:
12 MAR 2026 6:48PM by PIB Delhi
भारत सरकार के प्रमुख दूरसंचार अनुसंधान एवं विकास केंद्र, सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (सी-डॉट) को स्वदेशी एआई-आधारित धोखाधड़ी पहचान समाधान फ्रॉडप्रो के लिए मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस 2026 (एमडब्ल्यूसी 2026) में वैश्विक मान्यता प्राप्त हुई है। इस समाधान ने सर्वश्रेष्ठ नेटवर्क सुरक्षा और धोखाधड़ी रोकथाम श्रेणी में प्रतिष्ठित ग्लोबल मोबाइल (ग्लोमो) पुरस्कारों के शीर्ष फाइनलिस्टों में स्थान प्राप्त किया है।
डिजिटल कनेक्टिविटी के तेजी से विस्तार और मोबाइल-आधारित सेवाओं पर बढ़ती निर्भरता के बीच, पहचान से संबंधित धोखाधड़ी दुनिया भर में दूरसंचार ऑपरेटरों और सरकारों के लिए एक बड़ी चुनौती के रूप में उभरी है।
दूरसंचार विभाग (सी-डॉट) द्वारा डिजाइन और विकसित किया गया, फ्रॉडप्रो एक उन्नत एआई/एमएल संचालित धोखाधड़ी पहचान प्लेटफॉर्म है जिसका उद्देश्य दूरसंचार प्रणालियों को पहचान आधारित धोखाधड़ी से सुरक्षित करना है। यह समाधान बड़े पैमाने पर छवियों की डुप्लीकेशन हटाने, जाली दस्तावेजों का पता लगाने और पुनः सत्यापन के लिए परिष्कृत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और मशीन लर्निंग (एमएल) तकनीकों का इस्तेमाल करता है, जिससे दूरसंचार ऑपरेटर नेटवर्क में धोखाधड़ी वाले मोबाइल कनेक्शनों का शीघ्रतापूर्वक पता लगा सकते हैं और दूरसंचार संसाधनों के दुरुपयोग को रोक सकते हैं। यह समाधान भारत में दूरसंचार विभाग द्वारा डिजिटल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म और संचार साथी पोर्टल https://sancharsaathi.gov.in के हिस्से के रूप में तैनात किया गया है।
ग्लोबल सिस्टम फॉर मोबाइल कम्युनिकेशंस एसोसिएशन (जीएसएमए) के नेतृत्व में एमडब्ल्यूसी में आयोजित ग्लोबल मोबाइल अवार्ड को दूरसंचार उद्योग के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक माना जाता है, जो धोखाधड़ी में शामिल वैश्विक डिजिटल इको-सिस्टम को बदलने वाले उन अभूतपूर्व प्रौद्योगिकियों और नवाचारों का जश्न मनाता है।
दूरसंचार उद्योग के सबसे प्रमुख वैश्विक मंचों में से एक, मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में विश्व के अग्रणी नवाचारों में मान्यता प्राप्त करना, सी-डॉट के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और अगली पीढ़ी की दूरसंचार प्रौद्योगिकियों को आकार देने में भारत की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है। एमडब्ल्यूसी 2026 में फ्रॉडप्रो को मिली यह मान्यता, सुरक्षित, सशक्त और भविष्य के लिए तैयार स्वदेशी दूरसंचार नेटवर्क के निर्माण के लिए सी-डॉट के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है, साथ ही विकसित हो रहे दूरसंचार परिदृश्य के लिए सुरक्षित डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर और विश्वसनीय कनेक्टिविटी की परिकल्पना में योगदान देती है। यह वैश्विक मान्यता आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना के तहत भारत के स्वदेशी दूरसंचार नवाचार इको-सिस्टम के लिए भी एक उत्साहजनक उपलब्धि है, जो बड़े पैमाने पर डिजिटल नेटवर्क के लिए उन्नत साइबर सुरक्षा और धोखाधड़ी रोकथाम समाधान विकसित करने की देश की क्षमता को उजागर करती है।
पुरस्कार समारोह की कुछ झलकियां:



****
पीके/केसी/एसकेएस/केके
(रिलीज़ आईडी: 2239151)
आगंतुक पटल : 91
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English