पर्यटन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

देखो अपना देश’ पुरस्कार समारोह व पर्यटन शिक्षा एक्सपो 21 फरवरी को रायपुर में

प्रविष्टि तिथि: 20 FEB 2026 5:20PM by PIB Raipur

भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालयइंडियाटूरिज्म, मुंबई द्वारा इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, कैटरिंग टेक्नोलॉजी एंड एप्लाइड न्यूट्रिशन, रायपुर के सहयोग से 21 फरवरी 2026 (शनिवार) को प्रातः 9:30 बजे से संस्थान परिसर, सेक्टर–40, उपरवारा, नवा रायपुर में ‘देखो अपना देश’ प्रतियोगिता पुरस्कार वितरण समारोह एवं पर्यटन शिक्षा एक्सपो का आयोजन किया जाएगा।

भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने वर्ष 2020 में देश के भीतर पर्यटन को बढ़ावा देने और नागरिकों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक धरोहर से जोड़ने के उद्देश्य से ‘देखो अपना देश’ अभियान प्रारंभ किया था। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना, रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करना तथा सतत एवं जिम्मेदार पर्यटन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

वर्ष 2024 में ‘देखो अपना देश – पीपुल्स चॉइस 2024’ अभियान का शुभारंभ 7 मार्च 2024 को श्रीनगर में माननीय प्रधानमंत्री श्री Narendra Modi द्वारा किया गया था। यह अभियान दो चरणों में आयोजित हुआ, जिसमें राष्ट्रव्यापी जनमत संग्रह तथा ‘देखो अपना देश’ स्कूल प्रतियोगिता शामिल रही। स्कूल प्रतियोगिता का आयोजन पर्यटन मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में 15 नवम्बर से 15 दिसम्बर 2024 तक किया गया। इसमें केंद्रीय विद्यालयों और जवाहर नवोदय विद्यालयों के कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने हस्तलिखित पर्यटन ब्रोशर तैयार कर भाग लिया। देशभर से लगभग पाँच लाख विद्यार्थियों ने सहभागिता की और करीब दो हजार प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं। विशेषज्ञ समितियों द्वारा राज्य, केंद्र शासित प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर मूल्यांकन के उपरांत उत्तरी, पूर्वी, उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी एवं पश्चिमी क्षेत्रों से विजेताओं का चयन किया गया।

रायपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रातः 9:30 बजे से 1:15 बजे तक विजेता विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का सम्मान, करियर वार्ता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा परिसर भ्रमण आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक मिनी पर्यटन शिक्षा एक्सपो का आयोजन किया जाएगा। इस एक्सपो का उद्देश्य विद्यालयी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को आतिथ्य एवं पर्यटन क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों के प्रति जागरूक करना है। छत्तीसगढ़ के आतिथ्य एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारक इसमें भाग लेंगे और क्षेत्र में रोजगार एवं कौशल विकास के अवसरों की जानकारी देंगे।

‘देखो अपना देश’ केवल एक पर्यटन अभियान नहीं, बल्कि देश की विरासत से युवाओं को जोड़ने का राष्ट्रीय अभियान है। स्कूल प्रतियोगिता जैसे उपक्रमों के माध्यम से यह पहल रचनात्मकता, जागरूकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को प्रोत्साहित करते हुए सतत पर्यटन एवं आर्थिक विकास को नई दिशा दे रही है।

****


(रिलीज़ आईडी: 2230784) आगंतुक पटल : 21
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English