इस्‍पात मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भिलाई इस्पात संयंत्र में राष्ट्रीय कर्मयोगी मिशन का प्रभावी क्रियान्वयन, उत्कृष्ट योगदान हेतु 15 मास्टर ट्रेनर्स सम्मानित

प्रविष्टि तिथि: 18 FEB 2026 6:54PM by PIB Raipur

स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के भिलाई इस्पात संयंत्र में “राष्ट्रीय कर्मयोगी मिशन” के अंतर्गत क्षमता निर्माण उन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल क्रियान्वयन किया गया। इस अभियान के तहत उत्कृष्ट योगदान देने वाले 15 मास्टर ट्रेनर्स को सम्मानित किया गया।


भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के अंतर्गत मानव संसाधन विकास केंद्र तथा प्रबंधन विकास केंद्र द्वारा “राष्ट्रीय कर्मयोगी” एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 5 अक्टूबर, 2025 से 10 फरवरी, 2026 तक विभिन्न चरणों में संपन्न हुआ, जिसमें संयंत्र के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षमता निर्माण को सुदृढ़ करना, व्यावसायिक दक्षताओं में वृद्धि करना तथा सरकारी कर्मियों में सतत अधिगम, सेवा उत्कृष्टता और उत्तरदायित्व की संस्कृति को बढ़ावा देना था।
निर्धारित अवधि के दौरान संयंत्र के दो लीड ट्रेनर्स के मार्गदर्शन में तैयार 57 मास्टर ट्रेनर्स ने राष्ट्रीय कर्मयोगी एक दिवसीय कार्यक्रम के माध्यम से 3,735 कर्मचारियों को प्रशिक्षित कर उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के परिणामस्वरूप भिलाई इस्पात संयंत्र ने स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड की सभी इकाइयों में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। इन 57 मास्टर ट्रेनर्स में से 15 ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, नेतृत्व क्षमता तथा प्रभावी प्रशिक्षण एवं प्रस्तुतीकरण कौशल से विशेष पहचान बनाई।


उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 15 मास्टर ट्रेनर्स में वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन), कुटेश्वर माइंस, श्री अरुण कुमार सरोज; कनिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन – यांत्रिक एवं उपयोगिताएँ) सुश्री नवनीता चौहान; सहायक प्रबंधक (चिकित्सा) सुश्री शीबा थॉमस; एमटीए (रेल संरचना अनुरक्षण) सुश्री शेख शिरीन; प्रबंधक (मानव संसाधन – मिल्स) सुश्री अवंथि वुचुला; उप प्रबंधक (मानव संसाधन – स्टील) श्री सिकंदर इंदोरिया; सहायक महाप्रबंधक (स्टील मेल्टिंग शॉप–2) श्री निशांत प्रकाश टोप्पो; महाप्रबंधक (स्टील मेल्टिंग शॉप–2) श्री गौरव सिंघल; महाप्रबंधक (राजहरा माइंस) श्री बीरेन्द्र कुमार; सहायक प्रबंधक (दल्ली माइंस) श्री आनंद कुमार; सहायक प्रबंधक (प्लांट गैरेज) श्री दिनेश चंद्र महाजन; सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन – मिल्स) सुश्री तनमयी मल्लेश; उप प्रबंधक (हेवी मशीनरी एवं उपकरण) श्री नरेंद्र राव; कनिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन – यांत्रिक एवं उपयोगिताएँ) श्री बी. गोपाल राव; तथा सहायक महाप्रबंधक (केंद्रीय अनुरक्षण प्रबंधन) श्री अनिल भावे शामिल हैं।


इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में निदेशक प्रभारी सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने इन 15 मास्टर ट्रेनर्स को उनके उल्लेखनीय योगदान, विषय-ज्ञान, सक्रिय सहभागिता एवं प्रतिबद्धता के लिए सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत विकास को राष्ट्रीय विकास लक्ष्यों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय कर्मयोगी कार्यक्रम जैसे प्रयास सार्वजनिक सेवा प्रणाली में दक्षता, जवाबदेही और नवाचार को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


कार्यक्रम के दौरान कार्यस्थल के साथ-साथ व्यक्तिगत जीवन में दृष्टिकोण एवं व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन से जुड़े विषयों को शामिल किया गया, जिससे कर्मचारी संगठन और समाज की सेवा सकारात्मक एवं प्रेरित मानसिकता के साथ कर सकें। समारोह में उपस्थित गणमान्यजनों ने मास्टर ट्रेनर्स द्वारा संचालित संवादात्मक सत्रों और व्यावहारिक अंतर्दृष्टियों की सराहना की।


*****

 
आरडीजे/बीटी


(रिलीज़ आईडी: 2229803) आगंतुक पटल : 16
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English