उपभोक्‍ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने अनिवार्य खिलौना (गुणवत्ता नियंत्रण) आदेश, 2020 का उल्लंघन करने वाले खिलौने बेचने वाली ई-कॉमर्स संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई की


भारतीय मानक ब्यूरो मानकों के अनुरूप न होने वाले खिलौनों की बिक्री के लिए स्नैपडील पर 5 लाख रूपये का जुर्माना लगाया

प्रविष्टि तिथि: 16 FEB 2026 3:59PM by PIB Delhi

केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने अनिवार्य खिलौना (गुणवत्ता नियंत्रण) आदेश, 2020 और भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के निर्धारित मानकों का उल्लंघन करते हुए खिलौने बेचने वाले ई-कॉमर्स संस्थाओं और विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इस सम्बंध में, सीसीपीए ने स्नैपडील (ऐस वेक्टर लिमिटेड) पर अनुचित व्यापार तौर-तरीकों और भ्रामक विज्ञापनों का दोषी पाये जाने के कारण 5 पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। स्नैपडील ने उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन करते हुए अपने प्लेटफॉर्म पर बीआईएस मानकों के अनुरूप न होने वाले खिलौनों की बिक्री को बढ़ावा दिया था।

मुख्य आयुक्त श्रीमती निधि खरे और आयुक्त श्री अनुपम मिश्र के नेतृत्व में केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने अनिवार्य बीआईएस मानकों के अनुरूप न होने वाले खिलौनों की बिक्री के लिए स्नैपडील (ऐस वेक्टर लिमिटेड) के खिलाफ अंतिम आदेश जारी किया है।

सीसीपीए ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लिया और पता लगाया कि स्नैपडील पर खिलौने , खिलौने (गुणवत्ता नियंत्रण) आदेश, 2020 का उल्लंघन करते हुए बेचे जा रहे थे जो 1 जनवरी, 2021 से अनिवार्य हो गया था। विस्तृत जांच में कई गंभीर खामियां सामने आईं:

  • नियमों का निरंतर उल्लंघन: सूची से हटाए जाने के दावों के बावजूद, नियमों का उल्लंघन करने वाले खिलौने दिसंबर 2025 तक भी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहे।
  • बेचे गए उत्पादों से व्यावसायिक लाभ: स्नैपडील ने केवल दो पहचाने गए विक्रेताओं - स्टैलियन ट्रेडिंग कंपनी और थ्रिफ्टकार्ट - के माध्यम से इन गैर-अनुरूप खिलौनों की बिक्री से 41,032  रूपये की फीस अर्जित की।
  • पारदर्शिता का अभाव: कई सूचियों में निर्माता का नाम, पता और अनिवार्य बीआईएस प्रमाणन संख्या जैसी आवश्यक जानकारी का अभाव था।
  • अपर्याप्त उचित सावधानी: प्लेटफ़ॉर्म ने स्वतंत्र सत्यापन के बिना पूरी तरह से विक्रेताओं की स्व-घोषणाओं पर भरोसा किया, इसे सीसीपीए ने खतरनाक उत्पादों की सूची को रोकने के लिए "अपर्याप्त" माना।

स्नैपडील ने अपना बचाव करते हुए कहा कि यह एक शॉपिंग मॉल की तरह "मार्केटप्लेस ई-कॉमर्स इकाई" के रूप में कार्य करता है। सीसीपीए ने इस तुलना को सिरे से खारिज कर दिया और कहा कि स्नैपडील निम्नलिखित तरीकों से लेन-देन पर "पर्याप्त नियंत्रण" रखता है:

  • "तूफान सेल" और "डील ऑफ द डे" जैसी प्लेटफॉर्म-व्यापी प्रचार बिक्री का प्रबंधन करना
  • "सर्वोत्तम मूल्य पर उत्कृष्ट गुणवत्ता" जैसे गुणवत्ता आश्वासन वाले टैग लगाना, जो कि बीआईएस मानक का पालन न करने वाले उत्पादों पर लागू होने पर झूठी गारंटी के रूप में कार्य करता है।
  • रसद, धनवापसी और प्रतिस्थापन योजनाओं को नियंत्रित करना।

केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण पता लगाया कि 'खरीददार सावधान रहेसे 'विक्रेता सावधान रहे' के सिद्धांत में बदलाव से उत्पाद सुरक्षा सुनिश्चित करने का भार विक्रेता और सुविधा प्रदान करने वाले प्लेटफॉर्म दोनों पर आ जाता है। परिणामस्वरूप, प्लेटफॉर्म की यह जिम्मेदारी है कि वह सुनिश्चित करे कि सूचीबद्ध प्रत्येक उत्पाद सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों को पूरा करता है, जैसे कि खिलौनों के लिए बीआईएस प्रमाणन और पोर्टल के माध्यम से उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाली किसी भी सेवा में कमी या माल में खराबी के लिए वह परोक्ष रूप से उत्तरदायी रहता है।

केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने यह भी पता लगाया कि जब सामने वाली पार्टी से भविष्य में अपने प्लेटफॉर्म पर बीआईएस के अनुरूप खिलौनों की बिक्री की गारंटी देने के बारे में पूछा गया, तो वह इस बात की गारंटी या स्पष्ट वचन देने में विफल रही कि भविष्य में गैर-बीआईएस के अनुरूप खिलौनों की सूची या प्रदर्शन प्लेटफॉर्म पर दोबारा नहीं होगा।

केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने ई-कॉमर्स संस्थाओं और विक्रेताओं जैसे अमेज़ॅन, फ्लिपकार्ट और स्नैपडील, स्टैलियन ट्रेडिंग कंपनी, इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार स्टोर आदि को केंद्र सरकार द्वारा अनिवार्य उपयोग के लिए निर्देशित क्यूसीओ और बीआईएस मानकों का उल्लंघन करते हुए खिलौनों की बिक्री के लिए नोटिस जारी किए थे।

उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 की धारा 2(10) के अनुसार, "दोष" का अर्थ किसी भी वस्तु या उत्पाद की गुणवत्ता, मात्रा, क्षमता, शुद्धता या मानक में कोई भी कमी, अपूर्णता या खामी है, उसे किसी भी लागू कानून या किसी भी अनुबंध, चाहे वह स्पष्ट हो या निहित, के तहत बनाए रखना आवश्यक है, या जैसा कि व्यापारी द्वारा किसी भी प्रकार से दावा किया जाता है, और "दोषपूर्ण" शब्द का अर्थ तदनुसार समझा जाएगा। इस प्रकार, जो खिलौने अनिवार्य मानकों के अनुरूप नहीं हैं, उन्हें अधिनियम के तहत 'दोषपूर्ण' माना जा सकता है

इन मानकों का अनुपालन न करना उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के तहत भ्रामक विज्ञापन और अनुचित व्यापार व्यवहार माना जाता है। उपभोक्ता संरक्षण (ई-कॉमर्स) नियम, 2020 में यह निर्धारित किया गया है कि कोई भी ई-कॉमर्स इकाई अपने प्लेटफॉर्म पर या अन्यथा व्यवसाय के दौरान किसी भी प्रकार का अनुचित व्यापार व्यवहार नहीं अपनाएगी।

जारी किए गए निर्देश

प्राधिकरण ने अनुचित व्यापार तौर-तरीकों और भ्रामक विज्ञापनों में लिप्त होने के लिए स्नैपडील पर 5,00,000 का जुर्माना लगाया है। प्राधिकरण ने स्नैपडील को निम्नलिखित निर्देश भी दिए हैं:

  1. भविष्य में अनुपालन सुनिश्चित करें : यह गारंटी दें कि भविष्य में इसके प्लेटफॉर्म पर कोई भी गैर-अनुरूप बीआईएस मानक खिलौना सूचीबद्ध, होस्ट या विज्ञापित न हो।
  2. उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संपर्क नंबर, ईमेल पते और शिकायत अधिकारी का विवरण प्रमुखता से प्रदर्शित करें।

प्राधिकरण ने उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा करने, अनुचित व्यापार तौर-तरीकों को रोकने और एक सुरक्षित और पारदर्शी डिजिटल बाजार सुनिश्चित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की और सभी ई-कॉमर्स प्लेटफार्मों से सख्त नियामक सत्यापन और सटीक खुलासे करने का आग्रह किया।

(अंतिम आदेश केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण की वेबसाइट पर उपलब्ध है:

https://doca.gov.in/ccpa/orders-advisories.php?page_no=1 )

****


पीके/केसी/वीके/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2228810) आगंतुक पटल : 62
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Odia