सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्‍वयन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

साक्ष्य-आधारित नीति-निर्माण और योजना को मजबूत बनाना

प्रविष्टि तिथि: 11 FEB 2026 1:29PM by PIB Delhi

सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) ने आधिकारिक सांख्यिकी की गुणवत्ता, आवृत्ति, समयबद्धता, सूक्ष्मता, सामंजस्य और पहुंच में सुधार करके साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण और योजना को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण और बड़े सुधार किए हैं। एक मुख्य ध्यान राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण (एनएसएस) के आधुनिकीकरण पर रहा है, जिसके लिए कंप्यूटर असिस्टेड पर्सनल इंटरव्यू (सीएपीआई) जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म अपनाए गए हैं। इसे e-SIGMA प्लेटफॉर्म के साथ एकीकृत किया गया है, जिसमें डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए इन-बिल्ट वैलिडेशन चेक, एआई-सक्षम चैटबॉट्स और बहुभाषी इंटरफेस शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, एमओएसपीआई ने हाई-फ्रीक्वेंसी सोशियो-इकोनॉमिक इंडिकेटर्स की उभरती जरूरतों को पूरा करने के लिए कम अवधि वाले सर्वेक्षण भी शुरू किए हैं।

मैक्रोइकॉनॉमिक स्टैटिस्टिक्स के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं, जिनमें सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी), उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) और औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) के आधार वर्ष में संशोधन शामिल हैं। एमओएसपीआई ने व्यापक डेटा सामंजस्य और मानकीकरण की पहल की है, जिसमें विशेष रूप से नेशनल मेटाडेटा स्ट्रक्चर (एनएमडीएस 2.0) को अपनाना, सांख्यिकीय गुणवत्ता मूल्यांकन ढांचा (एसक्यूएएफ) की शुरुआत करना और राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय वर्गीकरण मानकों के साथ तालमेल बिठाना शामिल है।

नई एमओएसपीआई वेबसाइट, GoIStats मोबाइल एप्लिकेशन, ई-सांख्यिकी पोर्टल, माइक्रोडाटा पोर्टल और डेटा विनिमय के लिए APIs के उपयोग के माध्यम से डेटा के प्रसार और पहुंच में उल्लेखनीय सुधार किया गया है। एमओएसपीआई ने डेटा उपयोगकर्ता सम्मेलनों, परामर्शों, कार्यशालाओं और फीडबैक तंत्रों के माध्यम से हितधारकों के साथ जुड़ाव को भी मजबूत किया है। साथ ही, शैक्षणिक संस्थानों के साथ सहयोग के माध्यम से अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त, एमओएसपीआई अपने सपोर्ट फॉर स्टैटिस्टिकल स्ट्रेंथनिंग (एसएसएस) उप-योजना के माध्यम से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की क्षमता निर्माण में सहायता करता है। इस योजना का उद्देश्य सब-स्टेट लेवल पर विश्वसनीय आधिकारिक सांख्यिकी के संग्रह, संकलन और प्रसार के लिए राज्य सांख्यिकीय प्रणाली की सांख्यिकीय क्षमता और संचालन में सुधार करना तथा उन्हें मजबूत बनाना है। साथ ही, एमओएसपीआई के तहत एक प्रमुख केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान, नेशनल स्टैटिस्टिकल सिस्टम्स ट्रेनिंग एकेडमी (एनएसएसटीए), "आधिकारिक सांख्यिकी और संबंधित क्षेत्रों" पर नियमित आधार पर विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करती है। इनमें डिजिटल उपकरण, डेटा एनालिटिक्स और डेटा गवर्नेंस शामिल हैं, ताकि केंद्र और राज्य/केंद्र शासित प्रदेशों के सांख्यिकीय कर्मियों की क्षमता निर्माण की जा सके और फील्ड से बेहतर डेटा संग्रह सुनिश्चित किया जा सके।

यह जानकारी आज लोकसभा में एक लिखित प्रश्न के उत्तर में सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, योजना मंत्रालय और संस्कृति मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राव इंद्रजीत सिंह द्वारा दी गई।

*************

पीके/केसी/डीवी


(रिलीज़ आईडी: 2226371) आगंतुक पटल : 40
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu