कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

लद्दाख के प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ बैठक में अघम जलविद्युत परियोजना पर शीघ्र काम शुरू करने पर जोर दिया


लद्दाख के प्रतिनिधिमंडल की केन्द्रीय मंत्री के साथ बातचीत में जलविद्युत परियोजना और सिविल सेवाओं से जुड़ी चिंताएं शामिल रहीं

प्रविष्टि तिथि: 06 FEB 2026 3:51PM by PIB Delhi

लद्दाख केन्द्र - शासित प्रदेश के एक प्रतिनिधिमंडल, जिसका नेतृत्व लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी पार्षद ताशी ग्यालसन कर रहे थे, ने नई दिल्ली में विज्ञान और प्रौद्योगिकी; पृथ्वी विज्ञान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा प्रधानमंत्री कार्यालय, परमाणु ऊर्जा विभाग, अंतरिक्ष विभाग, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से मुलाकात की और क्षेत्र से संबंधित प्रमुख विकास एवं प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक के दौरान, प्रतिनिधिमंडल ने लद्दाख में श्योक नदी पर प्रस्तावित जलविद्युत परियोजना, अघम जलविद्युत परियोजना, से संबंधित प्रगति और तैयारी के काम की ओर ध्यान दिलाया। प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व के अध्ययन और तैयारियों से जुड़ी कवायद सहित इस परियोजना की पृष्ठभूमि और पहले से किए गए तकनीकी जमीनी काम की रूपरेखा बताई और बिजली से संबंधित स्थानीय बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा क्षेत्र की विकास से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में इसके महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि यह परियोजना एक महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गई है और इसे आगे बढ़ाने के लिए समन्वित फॉलो-अप की आवश्यकता पर जोर दिया।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने इस परियोजना के बारे में प्रतिनिधिमंडल की बातें सुनीं और लद्दाख की खास भौगोलिक एवं जलवायु संबंधी परिस्थितियों की दृष्टि से जलविद्युत परिजनाओं के विकास के महत्व को स्वीकार किया। केन्द्रीय मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा साझा की गई जानकारियों  पर ध्यान दिया और संकेत दिया कि उठाए गए मुद्दों पर विचार उचित संस्थागत ढांचे में, तकनीकी और प्रक्रियात्मक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल ने सिविल सेवा परीक्षा में बैठने वाले लद्दाख के उम्मीदवारों से संबंधित कुछ चिंताएं भी उठाईं, जिसमें कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग और संघ लोक सेवा आयोग के साथ चर्चा किए गए मामले भी शामिल थे। केन्द्रीय मंत्री ने इस अभ्यावेदन और बातचीत के दौरान उठाए गए व्यापक मुद्दों पर ध्यान दिया।

यह बैठक विकास से जुड़ी प्राथमिकताओं और क्षेत्र-विशिष्ट की चुनौतियों पर लद्दाख के प्रतिनिधियों और केन्द्र सरकार के बीच लगातार जुड़ाव को दर्शाती है। अघम जलविद्युत परियोजना जैसी परियोजनाओं पर चर्चा को बुनियादी ढांचे की कमियों को दूर करने और अत्यधिक ऊंचाई पर स्थित इस पहाड़ी केन्द्र - शासित प्रदेश में स्थायी विकास को बढ़ावा देने के व्यापक प्रयासों के हिस्से के रूप में देखा गया।

****

पीके/ केसी/ आर


(रिलीज़ आईडी: 2224737) आगंतुक पटल : 67
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu