जनजातीय कार्य मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केरल में आदि वाणी ऐप और जनजातीय कल्याण

प्रविष्टि तिथि: 05 FEB 2026 2:20PM by PIB Delhi

केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके ने आज लोकसभा को सूचित किया कि जनजातीय कार्य मंत्रालय ने 01 सितंबर, 2025 को आदि वाणी मोबाइल एप्लिकेशन का बीटा संस्करण जारी किया है। बीटा संस्करण वर्तमान में एंड्रॉइड प्लेटफ़ॉर्म पर उपलब्ध है। इस परियोजना का उद्देश्य हिंदी, अंग्रेज़ी और कई जनजातीय भाषाओं (और उनके विपरीत) के बीच वास्तविक समय में टेक्स्ट और स्पीच अनुवाद सक्षम करना है, साथ ही प्रारंभिक शिक्षार्थियों एवं छात्रों के लिए संवादात्मक भाषा सीखने के उपकरण उपलब्ध कराना भी है। इसका ध्यान भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वदेशी ज्ञान, लोककथा और सांस्कृतिक विरासत को डिजिटल रूप से सहेजने पर है, साथ ही राष्ट्रीय डिजिटल साक्षरता, स्वास्थ्य देखभाल और सांस्कृतिक संरक्षण प्रयासों द्वारा इसके पहुंच एवं प्रभाव को व्यापक बनाना है।

इसके मुख्य फीचर्स में टेक्स्ट-टू-टेक्स्ट, टेक्स्ट-टू-स्पीच, स्पीच-टू-टेक्स्ट, स्पीच-टू-स्पीच अनुवाद, जनजातीय पांडुलिपियों का डिजिटलीकरण और अनुवाद करने के लिए ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकग्निशन, और जनजातीय भाषाओं में गणमान्य लोगों के भाषणों के लिए द्विभाषी जनजातीय शब्दकोश, प्रारंभिक पुस्तकें और उपशीर्षक एकीकरण के साथ एक व्यापक भंडार शामिल हैं। स्वास्थ्य एवं सांस्कृतिक जागरूकता सामग्री, जैसे कि सिकल सेल रोग की जानकारी समय पर पहुंचाना, स्थानीय भाषाओं में उपलब्ध कराई जाती है। वर्तमान में, संथाली, मुंडारी, भीली और गोंडी भाषाओं के लिए वास्तविक समय में टेक्स्ट-टू-टेक्स्ट और स्पीच-टू-टेक्स्ट अनुवाद सेवा उपलब्ध है, जबकि गारो और कुई भाषाओं के लिए अनुवाद कार्य लगभग पूरा हो चुका है। दूसरे चरण में, आदि वाणी में और ज्यादा जनजातीय भाषाओं को शामिल करने का प्रस्ताव है।

सरकार द्वारा ऐप की समग्र पहुंच एवं डाउनलोड संख्या का आकलन किया जा रहा है। मंत्रालय को पूरे देश के समुदायों से प्रतिक्रियाएं एवं प्रशंसापत्र भी प्राप्त हो रहें हैं। चूंकि ऐप अभी बीटा चरण में है और परीक्षण जारी है, इसलिए अनुसूचित जनजाति समुदायों, विशेष रूप से केरल में, इसकी पहुंच, उपयोगिता एवं प्रभावशीलता का आकलन नहीं किया गया है।

मंत्रालय ने बहुभाषी सहायता प्रदान करने के लिए और ज्यादा जनजातीय भाषाओं को शामिल करने की पहल की है और कुछ सुविधाओं को ऑफ़लाइन मोड में उपलब्ध कराने पर भी विचार कर रहा है। आदि वाणी एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है जिसे इंटरनेट कनेक्शन के साथ किसी भी डिवाइस या प्लेटफॉर्म से एक्सेस किया जा सकता है। डिजिटल साक्षरता प्रशिक्षण एवं अवसंरचनात्मक सहायता के लिए, मंत्रालय टीआरआई और भाषा विशेषज्ञों के माध्यम से समुदायों के साथ मिलकर काम कर रहा है। हालांकि, केरल राज्य में ऐसी कोई गतिविधि नहीं चल रही है।

नहीं, केरल के संबंध में कोई राज्य-विशिष्ट परामर्श, प्रभाव अध्ययन या सुधारात्मक उपाय नहीं किए गए हैं।

********

पीके/केसी/एके/डीके


(रिलीज़ आईडी: 2223972) आगंतुक पटल : 46
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu