नीति आयोग
azadi ka amrit mahotsav

अटल इनोवेशन मिशन ने एआईएम संवाद का आयोजन किया, जो राष्ट्रीय इनक्यूबेशन इकोसिस्टम के लिए भारत का प्रमुख सम्मेलन है


केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने राष्ट्रीय इनक्यूबेटर मूल्यांकन रूपरेखा सूचकांक के संकेतक घोषित किए

प्रविष्टि तिथि: 03 FEB 2026 6:33PM by PIB Delhi

भारत सरकार के नीति आयोग के तहत अटल इनोवेशन मिशन (एआईएम) ने आज डॉ. अम्बेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र, नई दिल्ली में अपने प्रमुख वार्षिक इनक्यूबेटर सम्मेलन, एआईएम संवाद आयोजित किया। सम्मेलन में 100 से अधिक अटल इनक्यूबेशन सेंटर (एआईसी) और अटल कम्युनिटी इनोवेशन सेंटर (एसीआईसी) के प्रतिनिधि शामिल हुए, साथ ही वरिष्ठ नीति निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, निवेशक, उद्यमी, सीएसआर प्रमुख, मार्गदर्शक और देशभर से इकोसिस्टम हितधारक भी उपस्थित थे।

प्रोफेसर अजय सूद, प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार, भारत सरकार; श्री सुमन बेरी, उपाध्यक्ष, नीति आयोग; श्री बी. वी. आर. सुब्रमण्यम, सीईओ, नीति आयोग; डॉ. राजेश एस. गोखले, सचिव, जैव प्रौद्योगिकी विभाग; सुश्री एंजेला लुसिजी, निवासी प्रतिनिधि, यूएनडीपी इंडिया; और श्री दीपक बागला, मिशन निदेशक, अटल इनोवेशन मिशन ने संवाद का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर 100 से अधिक एआईएम द्वारा समर्थित इनक्यूबेटरों का जश्न मनाया गया, यूथ को:लैब राष्ट्रीय नवाचार चुनौती 2026 का शुभारंभ किया गया, राष्ट्रीय इनक्यूबेटर मूल्यांकन रूपरेखा संकेतकों और राष्ट्रीय इनक्यूबेशन पुरस्कार की घोषणा की गई - जो भारत के इनक्यूबेशन इकोसिस्टम में उत्कृष्टता और प्रभाव को मान्यता देते हैं।

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेन्द्र सिंह ने राष्ट्रीय इनक्यूबेटर मूल्यांकन रूपरेखा संकेतकों की घोषणा की - जो एआईएम, डीबीटी, डीएसटी और डीपीआईआईटी की एक संयुक्त पहल है, जो अंतिम रूप और परिष्करण के लिए राष्ट्रीय परामर्श के दौर से गुजरेगा।

शुभारंभ के दौरान, माननीय मंत्री ने भारत के नवाचार और उद्यमशीलता इकोसिस्टम को बदलने और बनाने में अटल इनोवेशन मिशन (एआईएम) की भूमिका को उजागर किया, जिसमें लगभग 50,000 अटल टिंकरिंग लैब यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि नवाचार देश के लगभग हर जिले तक पहुँच रहा है।

उन्होंने उल्लेख किया, “जो केवल 350 स्टार्टअप्स के साथ शुरू हुआ था, आज उसका 2 लाख से अधिक स्टार्टअप्स के एक जीवंत इकोसिस्टम में विस्तार हो चुका है, जो 21,000 से अधिक नौकरियाँ पैदा कर चुका है, और राष्ट्रीय सोच में एक मौलिक परिवर्तन को बढ़ावा दे रहा है जहाँ आजीविका अब केवल सरकारी रोजगार तक सीमित नहीं रही बल्कि यह नवाचार और उद्यमशीलता द्वारा तेजी से संचालित हो रही है।“

बजट 2026-27 का उल्लेख करते हुए, मंत्री ने विशेष रूप से जैव-विनिर्माण, जैव प्रौद्योगिकी, जैव-रिफाइनरी और बायो-फार्मा जैसे क्षेत्रों में राष्ट्रीय प्राथमिकताओं और नवाचार एजेंडे के बीच मजबूत तालमेल पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जैव-क्षमता में भारत की बढ़ती वैश्विक स्थिति - जिसे भारत-प्रशांत और विश्व स्तर पर शीर्ष देशों में स्थान दिया जाता है - हिमालय, महासागरों और गहरे समुद्र के उभरते अवसरों सहित देश के मानव और प्राकृतिक संसाधनों की अपार क्षमता को प्रतिबिंबित करता है।

राष्ट्रीय इनक्यूबेटर मूल्यांकन रूपरेखा के शुभारंभ पर, डॉ. सिंह ने कहा कि यह एक केंद्रीकृत डिजिटल राष्ट्रीय भंडार के रूप में विकसित होगा, जो भारत के इनक्यूबेशन इकोसिस्टम में पारदर्शिता, मानकीकरण और सहकर्मी से ज्ञान-प्राप्ति को सक्षम करेगा। उन्होंने कहा कि यह रूपरेखा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देगी, संस्थागत विश्वास को मजबूत करेगी और सार्वजनिक, निजी और गैर-सरकारी क्षेत्रों के हितधारकों को प्रगति का आकलन करने और नवाचार को अधिक प्रभावी ढंग से बढ़ाने में मदद करेगी।

उत्पादकता, स्टार्टअप-संचालित नवाचार और भारत के दीर्घकालिक दृष्टिकोण के बीच संबंध को मजबूत करते हुए, श्री सुमन बेरी, उपाध्यक्ष, नीति आयोग ने कहा, “भारत तेज़ी से बढ़ सकता है और बढ़ना भी चाहिए ताकि विकासित भारत 2047 का लक्ष्य हासिल किया जा सके। केवल उत्पादकता को बढ़ाकर, जिसे स्टार्टअप-संचालित नवाचार द्वारा समर्थन प्राप्त हो, हम इस सामूहिक लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।”

भारत की विकास यात्रा में इनक्यूबेटरों और गहन-तकनीक के रणनीतिक महत्व को उजागर करते हुए, प्रो. अजय कुमार सूद, मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार, भारत सरकार ने इनक्यूबेटरों की विकसित होती भूमिका को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अवसंरचना के रूप में रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “अगर भारत को एक विकसित राष्ट्र बनना है, तो हमारे पास 30% गहन-तकनीक स्टार्टअप होने चाहिए। इस यात्रा में, एआईएम, नवाचार मिशन के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है।”

एआईएम संवाद में अपने संबोधन में श्री बी. वी. आर. सुब्रह्मण्यम, सीईओ, नीति आयोग, ने भारत की नवाचार यात्रा में अटल इनोवेशन मिशन की रूपांतरणकारी भूमिका को रेखांकित किया, और कहा, “मेरे विचार में एआईएम वह सब कुछ है जो नवाचार को बढ़ावा देता है — जिसके बिना भारत का परिवर्तन संभव नहीं है। सुंदरता इस तथ्य में निहित है कि यह सभी स्तरों में फैला हुआ है: स्कूलों में एटीएल हैं, कॉलेजों में एआईसी हैं, समुदायों में एसीआईसी हैं, और वैश्विक मंच पर एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क मौजूद है। एआईएम स्वयं नवाचार को फैलाने के नए विचारों का एक इनक्यूबेटर है। एआईएम के तत्वावधान में भारत के 10% इनक्यूबेटर्स के साथ, हम बाजारों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।

सम्मेलन ने स्टार्टअप के पैमाने का विस्तार, प्रौद्योगिकी व्यावसायीकरण और विभिन्न क्षेत्रों में उद्यमशीलता को समर्थन देने वाले रणनीतिक संस्थानों के रूप में इनक्यूबेटरों की विकसित होती भूमिका को उजागर किया। पथप्रदर्शक सत्र में श्री अभिषेक सिंह, अपर सचिव, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, ने भारत के भविष्य को एआई की शक्ति से आगे बढ़ाने पर चर्चा की, इसके बाद स्टार्टअप और निवेशक दृष्टिकोण साझा किए गए: श्री मनोज मीणा, संस्थापक और सीईओ, एटमबर्ग; डॉ. रेनुका दीवान, संस्थापक, बायोप्राइम; और श्री विशेष राजाराम, सह-संस्थापक और प्रबंध भागीदार, स्पेशल इंवेस्ट, ने नवाचार के पैमाने के विस्तार के लिए मार्गदर्शिकाएँ रेखांकित की।

इस सम्मेलन ने इनक्यूबेटरों की तकनीकी हस्तांतरण संगठनों के रूप में बदलती भूमिका पर गहन चर्चा के माध्यम से - अनुसंधान संस्थानों को व्यावसायिकीकरण, बौद्धिक संपदा प्रबंधन और स्टार्टअप स्केलिंग के माध्यम से राजस्व सृजन से जोड़ना - सरकार, उद्योग जगत, सीएसआर संस्थानों और स्टार्टअप इकोसिस्टम के बीच सहयोग को और मजबूत किया। सत्रों में यह भी जांच की गई कि भाषा विविधता और सांस्कृतिक संदर्भ नवाचार इकोसिस्टम को कैसे आकार और गति देते हैं, साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता के युग में स्टार्टअप को पोषित और विस्तार करने की रणनीतियों पर चर्चा हुई, जिसमें प्रतिभा विकास और नैतिक ए आई एकीकरण शामिल हैं। चर्चाओं ने वेंचर कैपिटल निर्णय लेने में अंतर्दृष्टि प्रदान की और दीर्घकालिक पूंजी, मजबूत डीप-टेक फोकस, समावेशी प्रतिभा पोषण और मूल नवाचार के महत्व पर जोर दिया, जिससे भारत को वैश्विक नवाचार में अग्रणी देश के रूप में स्थापित किया जा सके।

इस कार्यक्रम में प्रमुख वक्ताओं और पैनलिस्टों की गरिमामय उपस्थिति रही, जिनमें डॉ. चिंतन वैष्णव (एमआईटी); डॉ. बालासुब्रमण्यम (कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन); हुडा जाफर (सेल्को फाउंडेशन); जिरेन टोपनो (टाटा स्टील फाउंडेशन); श्रद्धा शर्मा (योरस्टोरी); मनीष दिवान (बिरक); प्रवीण रॉय (डी एस टी); डॉ. शिवकुमार कल्यानारामन (एएनआरएफ); डॉ. छाया चौहान (एएनआरएफ); निखिल अग्रवाल (एफआईटीटी, आईआईटी दिल्ली); सौरव रॉय, सीईओ, टाटा स्टील फाउंडेशन; प्रो. अशोक झुनझुनवाला (आईआईटी मद्रास); झरवंथ अलुरु (अवतार.एआई); आशीष धवन, संस्थापक और सीईओ, द कन्वर्जेंस फाउंडेशन (टी सी एफ); और संजीव बिखचंदानी, संस्थापक, इंफो एज शामिल थे।

इस अवसर पर डॉ दीपक बागला, मिशन डायरेक्टर, अटल इनोवेशन मिशन ने कहा - “ एआईएम संवाद नीति की मंशा, संस्थागत क्षमता और इकोसिस्टम भागीदारी को भारत के लिए उच्च गुणवत्ता, परिणामोन्मुखी इनक्यूबेशन इकोसिस्टम के साथ संरेखित करने के लिए एक सामूहिक मंच के रूप में कार्य करता है और माननीय प्रधानमंत्री के 'विकसित भारत' के दृष्टिकोण की दिशा में पूरे नवाचार इकोसिस्टम को सृजित और गहरा करता है।”

सुश्री एंजेला लुसिगी, रेजिडेंट रिप्रेजेंटेटिव, यू एन डी पी इंडिया ने कहा- “एआईएम संवाद सहयोगात्मक प्लेटफॉर्म के महत्व को रेखांकित करता है, जो नीति निर्माताओं, संस्थानों और उद्यमियों को एकत्रित करके समावेशी और टिकाऊ नवाचार इकोसिस्टम को मजबूत करने में योगदान देता है, और दीर्घकालिक प्रभाव वाले समाधानों को आकार देने में मदद करता है।”

5,000 से अधिक स्टार्टअप्स का इनक्यूबेशन और 50,000+ नौकरियों के सृजन के साथ, एआईएम समर्थित इनक्यूबेटर्स भारत की नवाचार अर्थव्यवस्था के आधारस्तंभ हैं। एआईएम संवाद ने एआईएम की भूमिका को व्यापक संस्था के रूप में रेखांकित किया, जो भविष्य के लिए तैयार इनक्यूबेशन इकोसिस्टम को आकार दे रही है और नवाचार, उद्यमिता और रणनीतिक सहयोग के माध्यम से भारत की विकसित भारत @2047 तक की यात्रा को गति दे रही है।

****

पीके / केसी / जेके / डीए


(रिलीज़ आईडी: 2222875) आगंतुक पटल : 46
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu