सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय
देश में प्रवासन पर सर्वेक्षण
प्रविष्टि तिथि:
02 FEB 2026 3:23PM by PIB Delhi
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) के अधीन काम करने वाले राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) ने जुलाई 2026 से जून 2027 के दौरान प्रवासन पर एक सर्वेक्षण आयोजित करने का प्रस्ताव दिया है।
प्रवासन संबंधी सर्वेक्षण एमओएसपीआई द्वारा नियमित अंतराल पर आयोजित किए जाते रहे हैं। प्रवासन पर नवीनतम आंकड़े सावधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) 2020-21 और बहु-सूचक सर्वेक्षण (2020-21) के माध्यम से एकत्र किए गए थे। आगामी प्रवासन सर्वेक्षण से ग्रामीण-शहरी और अंतर-राज्यीय दोनों प्रकार के प्रवासन की सीमा और पैटर्न, प्रवासन के कारणों, वापसी प्रवासन, मौसमी प्रवासन, प्रवासियों के रोजगार प्रोफाइल आदि पर व्यापक और अद्यतन आंकड़े प्राप्त होने की उम्मीद है। ये परिणाम श्रम गतिशीलता, प्रेषण प्रवाह आदि को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ऐसी जानकारी शहरी नियोजन, आवास, परिवहन, रोजगार सृजन, सामाजिक सुरक्षा और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में लक्षित हस्तक्षेप करने में नीति निर्माताओं, योजनाकारों, शोधकर्ताओं और विकास विशेषज्ञों को लाभान्वित करेगी। जुलाई 2020-जून 2021 के दौरान आयोजित सावधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) के अनुसार, भारत में प्रवासन दर 28.9 प्रतिशत अनुमानित थी।
सावधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस), 2020-21 के अनुसार, अखिल भारतीय स्तर पर प्रवासन दर पुरुषों में 10.7 प्रतिशत और महिलाओं में 47.9 प्रतिशत अनुमानित थी। प्रवासन के कारण जेंडर के अनुसार काफी भिन्न हैं। महिलाओं में विवाह प्रवासन का प्रमुख कारण रहा, जो सभी महिला प्रवासियों का लगभग 86.8 प्रतिशत है। इसके विपरीत, पुरुषों में प्रवासन का सबसे बड़ा कारण रोजगार या बेहतर रोजगार की तलाश है, जो अखिल भारतीय स्तर पर 22.8 प्रतिशत है। ये अलग-अलग पैटर्न भारत में प्रवासन की जेंडर-विशिष्ट प्रकृति को उजागर करते हैं, जिसमें महिला प्रवासन मुख्य रूप से विवाह जैसे सामाजिक कारकों से प्रभावित होता है, जबकि पुरुष प्रवासन मुख्य रूप से श्रम बाजार के अवसरों से आकार लेता है।
केन्द्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), योजना राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और संस्कृति राज्य मंत्री श्री राव इंद्रजीत सिंह ने यह जानकारी आज राज्यसभा में दी।
***
पीके/केसी/आईएम/एमपी
(रिलीज़ आईडी: 2222145)
आगंतुक पटल : 142