पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय
आईईडब्ल्यू 2026: नीतिगत स्थिरता, नवीकरणीय ऊर्जा की कम लागत और प्रौद्योगिकी अपनाने से भारत में हाइड्रोजन और स्वच्छ ईंधन के विकास को गति मिल रही है
लीडरशिप स्पॉटलाइट सत्र में निवेश की तैयारी, मांग पैदा करने और वैश्विक साझेदारी का विश्लेषण किया गया
प्रविष्टि तिथि:
29 JAN 2026 7:28PM by PIB Delhi
भारत के हरित हाइड्रोजन लक्ष्य प्रतिस्पर्धी मूल्य निर्धारण, दीर्घकालिक मांग निर्माण और क्षेत्रीय एकीकरण से प्रेरित होकर महत्वाकांक्षा से क्रियान्वयन की ओर निर्णायक तौर पर आगे बढ़ रहे हैं, यह बात राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन के मिशन निदेशक अभय बाकरे ने इंडिया एनर्जी वीक 2026 के तीसरे दिन आयोजित लीडरशिप स्पॉटलाइट सत्र में कही।
स्केलिंग ग्रीन अमोनिया: मूल्य श्रृंखला सहयोग और हाइड्रोजन इकोसिस्टम नामक सत्र में लचीलापन चरण पर बोलते हुए, बाकरे ने कहा कि 2030 तक 5 मिलियन टन ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन करने के भारत के लक्ष्य को सफल मूल्य निर्धारण के जरिए गति मिली है, जिससे परियोजनाओं को निवेश के अंतिम निर्णयों की ओर बढ़ने में मदद मिली है।
“ये तीन साल—2025, 2026 और 2027—इकोसिस्टम के लिए एक लॉन्चपैड की तरह काम करने के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं”, बाकरे ने कहा। उन्होंने आगे कहा कि ग्रीन हाइड्रोजन और अमोनिया की कीमतें पारंपरिक विकल्पों के साथ समानता की ओर तेजी से बढ़ रही हैं, जो बड़े पैमाने पर घरेलू इस्तेमाल और निर्यात की दिशा में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है।
प्रौद्योगिकी और उद्योग के संदर्भ से, केबीआर के सतत प्रौद्योगिकी समाधान के उपाध्यक्ष और महत्वपूर्ण वैश्विक खनिजों के प्रमुख गैरी गॉडविन ने कहा कि हरित अमोनिया प्रौद्योगिकियां अब व्यावसायिक रूप से इस्तेमाल के योग्य हैं और वैश्विक स्तर पर संचालन करने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि अगली प्राथमिकता मजबूत आपूर्ति श्रृंखलाओं का निर्माण और दीर्घकालिक खरीद व्यवस्था स्थापित करना है, जिससे बिजली, जहाजरानी और भारी उद्योग में इसका विस्तृत तौर पर इस्तेमाल संभव हो सके।
बाजार के घटनाक्रम पर बोलते हुए, हाइड्रोजन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. आर. के. मल्होत्रा ने इस विषय पर जोर दिया कि भारत की प्रतिस्पर्धी नवीकरणीय ऊर्जा कीमतें और उभरता हुआ इलेक्ट्रोलाइजर मैन्युफैक्चरिंग आधार हरित हाइड्रोजन और अमोनिया के बड़े पैमाने पर उत्पादन के लिए एक मजबूत आधार तैयार कर रहे हैं।
अंतर्राष्ट्रीय नीति परिप्रेक्ष्य प्रस्तुत करते हुए, नीदरलैंड्स के आर्थिक मामलों और जलवायु नीति मंत्रालय के वरिष्ठ नीति सलाहकार हान फीन्स्ट्रा ने कहा कि यूरोपीय हाइड्रोजन बाजार मांग जनादेश और आयात ढांचे की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह प्रगति भारत जैसे विश्वसनीय साझेदारों के लिए दीर्घकालिक अवसर खोल रही है, जिनकी लागत प्रतिस्पर्धात्मकता और नीतिगत स्पष्टता इसे यूरोप की कार्बन उत्सर्जन कम करने की महत्वाकांक्षाओं में स्वाभाविक योगदानकर्ता बनाती है।
इंडिया एनर्जी वीक के बारे में
इंडिया एनर्जी वीक देश का प्रमुख वैश्विक ऊर्जा मंच है, जो सरकारी नेताओं, उद्योग जगत के अधिकारियों और नवप्रवर्तकों को एक साथ लाकर सुरक्षित, संपोषित और किफायती ऊर्जा भविष्य की दिशा में प्रगति को गति प्रदान करता है। एक तटस्थ अंतरराष्ट्रीय मंच के तौर पर, आईईडब्ल्यू निवेश, नीतिगत समन्वय और तकनीकी सहयोग को प्रोत्साहन देता है, जिससे वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य को आकार मिलता है।
***
पीके/केसी/एमएम
(रिलीज़ आईडी: 2220646)
आगंतुक पटल : 24