पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत ऊर्जा सप्ताह 2026 : ओपेक आउटलुक के अनुसार भारत वैश्विक स्तर पर ऊर्जा की मांग को निर्णायक रूप से बढ़ावा देगा


भारत की ऊर्जा मांग 2050 तक दोगुनी होने की उम्मीद है क्योंकि तेल और गैस वैश्विक ऊर्जा मिश्रण के केंद्र में रहने की उम्मीद है

प्रविष्टि तिथि: 28 JAN 2026 8:56PM by PIB Delhi

27 से 30 जनवरी 2026 तक गोवा में आयोजित किए जा रहे भारत ऊर्जा सप्ताह 2026 में पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन (ओपेक) के अनुसंधान प्रभाग के ऊर्जा अध्ययन विभाग के प्रमुख डॉ. अबदेररेजक बेनयुसेफ की ओर से प्रस्तुत विश्व तेल आउटलुक 2025 के अनुसार भारत 2050 तक वैश्विक तेल मांग वृद्धि में सबसे बड़ा योगदानकर्ता होने का अनुमान है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image0013V63.jpg

आयोजन के दूसरे दिन डॉ. बेनयुसेफ ने ओपेक के प्रमुख दीर्घकालिक दृष्टिकोण को प्रस्तुत करते हुए कहा कि अकेले भारत में 2050 तक प्रति दिन 8.2 मिलियन बैरल तेल की मांग बढ़ने की उम्मीद है। यह वृद्धि मुख्य रूप से परिवहन, पेट्रोकेमिकल्स और औद्योगिक गतिविधियों द्वारा संचालित होगी। वैश्विक स्तर पर मध्यम और लंबी अवधि में तेल की मांग में लगातार वृद्धि होने का अनुमान है, जो 2050 तक लगभग 123 मिलियन बैरल प्रति दिन तक पहुंच जाएगी, जिसमें मांग में वृद्धि गैर-ओईसीडी क्षेत्रों में केंद्रित होगी।

रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि वैश्विक प्राथमिक ऊर्जा मांग वृद्धि में भारत सबसे बड़ा और सबसे स्थिर योगदानकर्ता होगा। भारत की कुल प्राथमिक ऊर्जा मांग लगभग दोगुनी होने की उम्मीद है, जो 2024 में लगभग 22 मिलियन बैरल तेल समतुल्य प्रति दिन से बढ़कर 2050 तक लगभग 43.6 मिलियन बैरल तेल समतुल्य प्रति दिन हो जाएगी।

वैश्विक स्तर पर प्राथमिक ऊर्जा की मांग में इसी अवधि में 23 प्रतिशत की वृद्धि होने का अनुमान है, जो लगभग 308 मिलियन बैरल तेल समतुल्य प्रति दिन से बढ़कर लगभग 378 मिलियन बैरल तेल समतुल्य प्रति दिन हो जाएगी, जिसमें 2050 तक कुल मांग का लगभग 72 प्रतिशत हिस्सा गैर-ओईसीडी देशों का होगा।

आर्थिक मोर्चे पर ओईसीडी की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत के 2024 और 2050 के बीच लगभग 5.8 प्रतिशत की औसत वार्षिक जीडीपी वृद्धि के साथ दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में उभरने की उम्मीद है। वैश्विक जीडीपी में भारत की हिस्सेदारी 2024 में लगभग 8 प्रतिशत से बढ़कर 2050 तक 17 प्रतिशत होने का अनुमान है, जिससे वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर इसका प्रभाव काफी बढ़ जाएगा। वैश्विक स्तर पर पूर्वानुमान अवधि में आर्थिक विकास मुख्य रूप से गैर-ओईसीडी देशों द्वारा संचालित होने की उम्मीद है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि जनसांख्यिकीय रुझान भविष्य में ऊर्जा की मांग में भारत की केंद्रीय भूमिका को और मजबूत करेंगे। भारत जो पहले से ही दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश है, जो वैश्विक जनसंख्या वृद्धि और बढ़ती ऊर्जा खपत का मुख्य आधार बना रहेगा। वैश्विक स्तर पर अनुमान है कि 2050 तक जनसंख्या में लगभग 1.5 अरब की वृद्धि होगी, जिसमें से लगभग सभी वृद्धि गैर-ओईसीडी देशों में होगी, साथ ही शहरीकरण में वृद्धि और जीवन स्तर में सुधार भी होगा। यह पूर्वानुमान बढ़ती मांग को पूरा करने और प्राकृतिक गिरावट की दरों की भरपाई करने के लिए निरंतर निवेश की आवश्यकता पर जोर देता है। वैश्विक स्तर पर 2025 और 2050 के बीच तेल से संबंधित संचयी निवेश आवश्यकताओं का अनुमान लगभग 18.2 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है, जिसमें अपस्ट्रीम निवेश में लगभग 15 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर शामिल हैं।

भारत ऊर्जा सप्ताह के बारे में

भारत ऊर्जा सप्ताह देश का प्रमुख वैश्विक ऊर्जा मंच है जो सरकारों का नेतृत्व करने वालों, उद्योग जगत के अधिकारियों और नवप्रवर्तकों को एक साथ लाकर सुरक्षित, दीर्घकालिक और किफायती ऊर्जा के लिए भविष्य की दिशा में प्रगति को गति प्रदान करता है। आईईडब्ल्यू एक तटस्थ अंतरराष्ट्रीय मंच के रूप में निवेश, नीतिगत समन्वय और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देता है जिससे वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य का निर्माण होता है।

***

पीके/केसी/आरकेजे

 


(रिलीज़ आईडी: 2219874) आगंतुक पटल : 124
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English