सहकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत टैक्सी भारत का पहला सहकारिता-आधारित डिजिटल मोबिलिटी प्लेटफॉर्म के रूप में लॉन्च

प्रविष्टि तिथि: 14 JAN 2026 6:05PM by PIB Raipur

समावेशी विकास और जन-केंद्रित शहरी परिवहन को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत भारत सरकार ने भारत टैक्सी को सहकारिता आधारित डिजिटल मोबिलिटी मंच के रूप में संस्थागत समर्थन प्रदान किया है। यह पहल यात्रियों को सुरक्षित, पारदर्शी और किफायती परिवहन उपलब्ध कराने के साथ-साथ चालक-सदस्यों को स्वामित्व और भागीदारी के माध्यम से सशक्त बनाने पर केंद्रित है।


भारत टैक्सी की शुरुआत “सहकार से समृद्धि” के विजन के अंतर्गत सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा की गई है, जो बहु-राज्य सहकारी समितियाँ अधिनियम, 2002 के अंतर्गत पंजीकृत एक बहु-राज्य सहकारी संस्था है। इस पहल को देश की प्रमुख सहकारी संस्थाओं का समर्थन प्राप्त है, जिनमें राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम, इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइज़र कोऑपरेटिव लिमिटेड, राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक, कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड, गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (अमूल), राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन महासंघ, राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड तथा नेशनल कोऑपरेटिव एक्सपोर्ट लिमिटेड शामिल हैं।


भारत टैक्सी को पारंपरिक एग्रीगेटर-आधारित परिवहन मॉडलों के विकल्प के रूप में विकसित किया गया है, जहां चालक केवल सेवा प्रदाता नहीं बल्कि मंच के सहभागी और सह-स्वामी होते हैं। यह मॉडल चालकों को उचित पारिश्रमिक, पारदर्शी कार्यप्रणाली और नैतिक सेवा मानकों के साथ आजीविका के स्थायी अवसर प्रदान करता है, जबकि यात्रियों को विश्वसनीय और सुलभ परिवहन सुविधा सुनिश्चित करता है।


इस सेवा का पायलट शुभारंभ दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र तथा गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र में किया गया है। भारत टैक्सी को अंतिम छोर और बिंदु-से-बिंदु परिवहन के एक भरोसेमंद विकल्प के रूप में विकसित किए जाने की परिकल्पना है, जो शहरी परिवहन क्षेत्र में समावेशी विकास, निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और टिकाऊ आजीविका के सरकार के उद्देश्यों के अनुरूप है।


पहल के व्यापक प्रसार और जन-जागरूकता के लिए केंद्र एवं राज्य सरकारों के मंत्रालयों, विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों तथा स्वायत्त संस्थानों से आग्रह किया गया है कि वे अपने परिसरों और आधिकारिक संचार माध्यमों में भारत टैक्सी को उपयुक्त प्रचार सहयोग और दृश्यता प्रदान करें, जिससे नियमित कार्यालय कार्य में किसी प्रकार का व्यवधान न हो। इसके साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को सहकारिता आधारित इस परिवहन विकल्प के प्रति संवेदनशील बनाने तथा संस्थागत प्रतिक्रिया साझा करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया है।


भारत टैक्सी मोबाइल एप्लिकेशन यात्रियों और चालक-सदस्यों के लिए गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है।


डिजिटल युग में सहकारिता आंदोलन को नई दिशा देने वाली यह पहल सामुदायिक स्वामित्व, तकनीक आधारित सेवाओं और समावेशी आर्थिक विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करती है।


***** 


आरडीजे


(रिलीज़ आईडी: 2214631) आगंतुक पटल : 63
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English