रक्षा मंत्रालय
10वां रक्षा बल पूर्व सैनिक दिवस पूर्व सैनिकों के शौर्य, बलिदान और समर्पित सेवा को सम्मान देने के लिए मनाया जाएगा
रक्षा मंत्री दिल्ली कैंट स्थित मानेकशॉ सेंटर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे
प्रविष्टि तिथि:
13 JAN 2026 7:55PM by PIB Delhi
राष्ट्र 14 जनवरी, 2026 को 10वां रक्षा बल पूर्व सैनिक दिवस मनाएगा। इस अवसर पर उन पूर्व सैनिकों के शौर्य, बलिदान और समर्पित सेवा को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी, जिन्होंने विशिष्ट रूप से राष्ट्र की सेवा की है। इस दिवस को चिह्नित करने के लिए देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों और जनसंपर्क गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। दिल्ली कैंट स्थित मानेकशॉ सेंटर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की शोभा रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह बढ़ाएंगे, तथा इसमें दिल्ली/एनसीआर में निवास करने वाले पूर्व सैनिक भाग लेंगे।
यह दिवस देश भर में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 34 राज्य सैनिक बोर्डों और पूरे भारत में विभिन्न स्थानों पर 434 जिला सैनिक बोर्डों की ओर से मनाया जाएगा। इन आयोजनों में पूर्व सैनिकों की रैलियां, शिकायत निवारण काउंटरों की स्थापना और पेंशन प्रशासन प्रणाली - रक्षा (स्पर्श), पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) और भारतीय सेना, भारतीय नौसेना और भारतीय वायु सेना के अभिलेख कार्यालयों से सहायता डेस्क की स्थापना शामिल होगी, ताकि पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की चिंताओं का समाधान किया जा सके। रोजगार एजेंसियां, रक्षा और सरकारी कल्याण संगठन और बैंक भी पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को जानकारी और सहायता प्रदान करने के लिए स्टॉल लगाएंगे।
भारतीय सेना के पूर्व सैनिक दिवस को हर साल 14 जनवरी को मनाया जाता है। यह दिवस भारतीय सेना के पहले कमांडर-इन-चीफ, फील्ड मार्शल के.एम. करियप्पा (ओ.बी.ई.) की विरासत और उत्कृष्ट सेवा को सम्मानित करने के लिए मनाया जाता है, जो 1953 में इसी दिन सेवानिवृत्त हुए थे। भारत के सैन्य इतिहास में एक महान व्यक्तित्व, फील्ड मार्शल करियप्पा ने 1947 के युद्ध में सेना का नेतृत्व करते हुए विजय दिलाई और सेवा, अनुशासन और देशभक्ति की एक चिरस्थायी विरासत की नींव रखी। यह दिन अपने पूर्व सैनिकों के प्रति राष्ट्र के गहरे सम्मान और कृतज्ञता को दोहराता है और सेवारत कर्मियों, पूर्व सैनिकों और नागरिकों के बीच संबंधों को मजबूत करता है।
****
पीके/केसी/एनएम
(रिलीज़ आईडी: 2214369)
आगंतुक पटल : 147