निर्वाचन आयोग
azadi ka amrit mahotsav

स्टॉकहोम स्थित स्वीडिश इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स में भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का संबोधन

प्रविष्टि तिथि: 04 DEC 2025 5:11PM by PIB Delhi

अंतर्राष्ट्रीय आईडीईए के सदस्य देशों की परिषद के अध्यक्ष के रूप में उन्‍होंने अपना कार्यकाल शुरू किया

  1. भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने आज स्वीडन के स्टॉकहोम स्थित स्वीडिश इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स में 'भारत के लोकतंत्र के भीतर' विषय पर एक गोलमेज चर्चा आयोजित की। स्वीडन की पूर्व विदेश मंत्री सुश्री एन लिंडे इस गोलमेज चर्चा में अन्य वक्ता थीं।
  2. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कल वर्ष 2026 के लिए इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसी एंड इलेक्‍ट्रोल एसिस्‍टेंस (इंटरनेशनल आईडीईए) के सदस्य देशों की परिषद के अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण किया था। वे आज बाद में अपनी स्वीडन की आधिकारिक यात्रा संपन्‍न करेंगे।
  3. भारत की अध्यक्षता एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो दुनिया के सबसे विश्‍वसनीय और नवीन चुनाव प्रबंधन निकायों में से एक के रूप में भारत के चुनाव आयोग वैश्विक मान्यता को दर्शाता है। अंतर्राष्ट्रीय आईडीईए के संस्थापक सदस्य के रूप में भारत ने संगठन के शासन, लोकतांत्रिक विमर्श और संस्थागत पहलों में निरंतर योगदान दिया है।
  4. स्टॉकहोम पहुंचने पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का स्वीडन में भारत के राजदूत श्री अनुराग भूषण ने स्वागत किया। उन्होंने आईआईडीईए के महासचिव डॉ. केविन कैसास-ज़मोरा के साथ भी चर्चा की।
  5. स्टॉकहोम में अपने स्वीकृति भाषण में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया के पैमाने पर प्रकाश डाला और कहा कि भारत में 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों में 900 मिलियन से अधिक मतदाता हैं।
  6. 2024 के आम चुनावों पर विचार करते हुए उन्होंने बताया कि भारत ने एक अद्भुत लोकतांत्रिक झांकी देखी, जिसमें 6 राष्ट्रीय और 67 राज्य स्तरीय दलों सहित 743 राजनीतिक दलों के 20,000 से अधिक उम्मीदवारों ने भाग लिया। इस प्रक्रिया में 10 लाख से अधिक बूथ स्तरीय अधिकारियों और 50 लाख से अधिक मतदान कर्मचारियों सहित 2 करोड़ से अधिक चुनाव कर्मी शामिल थे।
  7. उन्होंने कहा कि भारत ने 1947 में स्वतंत्रता के बाद से संसद के लिए 18 आम चुनाव और राज्य विधानसभाओं के लिए 400 से अधिक आम चुनाव देखे हैं। उन्होंने कहा कि भारत न केवल दुनिया के सबसे बड़े, सबसे विविध और समावेशी आधुनिक लोकतंत्र की सीखों को सभी के साथ साझा करना चाहता है, बल्कि इसके साथ ही भारत की सभ्यतागत विरासत में गहराई से निहित लोकतांत्रिक मूल्यों और सिद्धांतों को भी साझा करना चाहता है।
  8. आगे की दिशा स्‍पष्‍ट करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ने संकल्प लिया कि भारत की अध्यक्षता निर्णायक, महत्वाकांक्षी और कार्रवाई-उन्मुख होगी। अध्यक्ष के रूप में श्री ज्ञानेश कुमार भारत की अध्यक्षता के समग्र विषय - "समावेशी, शांतिपूर्ण, मजबूत और सतत विश्व के लिए लोकतंत्र" के इर्द-गिर्द परिषद के काम को आगे बढ़ाएंगे करेंगे और मुख्‍य रूप से दो प्रमुख स्तंभों- भविष्य के लिए लोकतंत्र की पुनर्कल्पना और सतत लोकतंत्र के लिए स्वतंत्र एवं पेशेवर चुनाव प्रबंधन निकायों- पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
  9. मुख्य चुनाव आयुक्त ने अपने स्वीकृति भाषण का समापन यह कहते हुए किया कि भारत यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा कि प्रत्येक वोट अहमियत हो, हर आवाज सुनी जाय और विश्व भर के लोकतंत्र अधिक समावेशी, शांतिपूर्ण, सुदृढ़ और सतत बनें।
  10. भारत की अध्‍यक्षता के साथ साथ मॉरीशस और मैक्सिको वर्ष 2026 के लिए अंतर्राष्ट्रीय आईडीईए परिषद के उपाध्यक्ष के रूप में पदभार संभालेंगे।

****

पीके/केसी/आईएम/ओपी


(रिलीज़ आईडी: 2199011) आगंतुक पटल : 51
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi