वित्‍त मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

बस्तर के चार जिलों में शुक्रवार को आयोजित होगा “आपकी पूंजी आपका अधिकार” शिविर

प्रविष्टि तिथि: 04 DEC 2025 4:00PM by PIB Raipur

वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने, नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूक करने तथा विभिन्न वित्तीय समावेशन योजनाओं के तहत उपलब्ध अधिकारों और लाभों की जानकारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “आपकी पूंजी आपका अधिकार” शिविर शुक्रवार, 05 दिसंबर 2025 को प्रातः 11:00 बजे बस्तर के चार जिलों—बीजापुर, कांकेर, नारायणपुर और सुकमा—में आयोजित किया जाएगा।


बीजापुर में शिविर जिला कलेक्टर कार्यालय प्रांगण में आयोजित होगा। कांकेर में इसका आयोजन जिला पंचायत मीटिंग हॉल में किया जाएगा। नारायणपुर जिले में शिविर डी.पी.आर.सी. भवन (जिला पंचायत के समीप) में आयोजित होगा, जबकि सुकमा में यह कार्यक्रम जिला पंचायत मीटिंग हॉल में संपन्न होगा। यह पहल ग्रामीण परिवारों, महिला स्वयं-सहायता समूहों, छात्रों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को विशेष रूप से लाभान्वित करेगी।


शिविर के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों, बैंकों और वित्तीय साक्षरता टीमों के प्रतिनिधि स्थल पर ही परामर्श, सहायता और आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन की सुविधा प्रदान करेंगे। नागरिकों को बैंक खाते खोलने, आधार लिंकिंग, डिजिटल लेनदेन, तथा प्रधानमंत्री जन धन योजना (PMJDY), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और अटल पेंशन योजना (APY) जैसे केंद्रीय योजनाओं के लाभ प्राप्त करने संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त सुरक्षित बैंकिंग, साइबर सुरक्षा, बचत एवं निवेश तथा शिकायत निवारण तंत्र पर जागरूकता सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।


भारत सरकार छत्तीसगढ़ के सभी नागरिकों से अपील करती है कि वे “आपकी पूंजी आपका अधिकार” शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और औपचारिक बैंकिंग प्रणाली तथा वित्तीय सशक्तिकरण की दिशा में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।


***** 


आरडीजे/केआरवी


(रिलीज़ आईडी: 2198729) आगंतुक पटल : 118
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English