सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय
रायपुर में राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा वार्षिक उद्योग सर्वेक्षण एवं पूंजीगत व्यय सर्वेक्षण के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध डेटा संग्रहण सुनिश्चित करने हेतु एकदिवसीय गोलमेज़ सम्मेलन का आयोजन
प्रविष्टि तिथि:
03 DEC 2025 6:20PM by PIB Raipur
औद्योगिक इकाइयों में सांख्यिकीय प्रक्रियाओं की समझ को बढ़ाने तथा वार्षिक उद्योग सर्वेक्षण (ASI) और पूंजीगत व्यय सर्वेक्षण (CAPEX) के तहत गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध डेटा संग्रहण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्र संकार्य प्रभाग), सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आज रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में एकदिवसीय गोलमेज़ सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य उद्योगों को सर्वेक्षण प्रक्रियाओं से सीधे जोड़ना तथा डेटा रिपोर्टिंग को अधिक दक्ष और सटीक बनाना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, रायपुर के उपमहानिदेशक श्री अल्ताफ हुसैन हाजी ने की। समारोह का शुभारंभ उद्योग प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। सुश्री अग्रवाल सचिता राकेश, उप निदेशक ने प्रतिभागियों का स्वागत किया और सम्मेलन के उद्देश्यों से अवगत कराया। श्री ऋषभ सिंह श्याम, सहायक निदेशक (बिलासपुर) और श्री प्रखर गुप्ता, सहायक निदेशक (अंबिकापुर) भी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में श्री हाजी ने वार्षिक उद्योग सर्वेक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि औद्योगिक इकाइयों से संग्रहीत पूंजी, टर्नओवर, मूल्य संवर्धन, ईंधन–कच्चा माल खपत, इनपुट–आउटपुट संरचना, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा संबंधी आँकड़े राष्ट्रीय आय तथा सकल घरेलू उत्पाद के आकलन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने उद्योग जगत द्वारा समयसीमा में डेटा उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल देते हुए “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य हेतु सटीक सांख्यिकीय योगदान को अनिवार्य बताया। साथ ही उन्होंने औद्योगिक इकाइयों से ASI 2024–25 की विवरणी वेब पोर्टल पर स्वयं भरने का अनुरोध किया तथा आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन के लिए कार्यालय से संपर्क करने का आग्रह किया। उन्होंने राष्ट्रीय सांख्यिकीय नीति के क्रियान्वयन संबंधी जानकारी भी साझा की।

चैंबर ऑफ कॉमर्स, छत्तीसगढ़ के उपाध्यक्ष श्री लोकेश चन्द्रकांत जैन ने सांख्यिकीय प्रणाली में कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे नवाचारों के उपयोग, राज्य में सांख्यिकी प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने का सुझाव दिया।
नंदन ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के मुख्य परिचालन अधिकारी डॉ. सपन कुमार साहा ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में डेटा संग्रहण हेतु राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के प्रयासों की सराहना की और उद्योग परिसर में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। श्री कमलेश घोष, निदेशक, महेंद्र स्पंज एंड पावर लिमिटेड ने विश्वसनीय डेटा को सुदृढ़ आर्थिक नीतियों का आधार बताते हुए राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के योगदान की प्रशंसा की।
सम्मेलन में संयुक्त निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी संचालनालय, छत्तीसगढ़ श्री सुरेश कश्यप, क्षेत्रीय एवं उप-क्षेत्रीय कार्यालयों के वरिष्ठ अधिकारी तथा राज्य की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों—नंदन ग्रुप, महेंद्र स्पंज एंड पावर लिमिटेड, गोदावरी पावर एंड इस्पात लिमिटेड, श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड, अनिमेष इस्पात, सत्यम बालाजी राइस इंडस्ट्रीज़ प्राइवेट लिमिटेड, सनरुफ एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, सोल ब्रिज पावर प्राइवेट लिमिटेड, शारदा डेयरी एंड फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, जायका ऑटोमोबाइल्स एंड फाइनैन्स प्राइवेट लिमिटेड, हिंदुस्तान कॉइल्स लिमिटेड तथा मिशन मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन श्री आर.के. श्रीवास्तव, वरिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी, ने किया तथा सभी प्रतिनिधियों और अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त कर सम्मेलन का समापन किया।
*****
(रिलीज़ आईडी: 2198318)
आगंतुक पटल : 54
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English