सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

नशा मुक्त भारत अभियान (एनएमबीए) के पांच वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में अमृतसर में आयोजित समारोह में केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री, डॉ. वीरेन्द्र कुमार और पंजाब के राज्यपाल, श्री गुलाब चंद कटारिया ने अध्यक्षता की।


केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री, डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा , "नशीले पदार्थों के दुरुपयोग को समूल खत्म करने के प्रति सरकार की अटूट प्रतिबद्धता है।”

इस समारोह में प्रधानमंत्री जी के संदेश का पठन किया गया जिसमें उन्होंने स्वस्थ और समृद्ध भारत बनाने के लिए नशा मुक्त भारत अभियान की महत्वपूर्ण भूमिका का समर्थन किया।

अमृतसर में इस अवसर पर 10,000 से अधिक छात्रों, आध्यात्मिक संगठनों और पुलिस कर्मियों ने भाग लिया और शपथ ली।

नशा मुक्त भारत अभियान के पांच वर्ष पूरे होने के भाग के रूप में आयोजित इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रमों में छह करोड़ से अधिक लोगों ने सहभागिता की।

Posted On: 18 NOV 2025 6:02PM by PIB Delhi

दुनिया के सबसे बड़े समुदाय-संचालित नशीले पदार्थों की मांग में कमी लाने के आंदोलनों में से एक नशा मुक्त भारत अभियान (एनएमबीए) ने आज गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर में एक भव्य राष्ट्रीय उत्सव के साथ अपने पांच सफल वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस कार्यक्रम में स्कूल और कॉलेज के छात्रों, बीएसएफ कर्मियों, स्वयं सहायता समूहों, आध्यात्मिक संगठनों, युवा क्लबों और गैर-सरकारी संगठनों सहित 10,000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में पंजाब के माननीय राज्यपाल, श्री गुलाब चंद कटारिया और माननीय केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री, डॉ. वीरेन्‍द्र कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।

माननीय प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी का एक विशेष संदेश पढ़ा गया, जिसमें उन्होंने सभी हितधारकों को बधाई दी और इस बात पर बल दिया कि सामूहिक संकल्प, समाज के निरंतर प्रयास और प्रत्येक नागरिक, विशेष रूप से युवाओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से ही एक नशा मुक्त भारत बनाया जा सकता है।

इस कार्यक्रम के दौरान ओलंपियनों, प्रतियोगिता के विजेताओं, मास्टर स्वयंसेवकों, नशे की लत से पीड़ित ऐसे व्‍यक्तियों जिनका पुनर्वास किया गया और नशामुक्ति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

एनएमबीए को और मजबूत करने के लिए पंजाब के माननीय राज्यपाल, श्री गुलाब चंद कटारिया ने समारोह में चार नई डिजिटल पहलों का शुभारंभ किया। इसमें तीन पोर्टल और एक ऐप लॉन्च करना शामिल था।

माननीय केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री, डॉ. वीरेन्‍द्र कुमार ने समारोह में 10,000 से अधिक प्रतिभागियों को शपथ दिलाई।

पंजाब सरकार के सहयोग से सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय द्वारा आयोजित इस समारोह में भौतिक और वर्चुअल मोड के माध्यम से छह करोड़ से अधिक लोगों की अभूतपूर्व राष्ट्रव्यापी भागीदारी देखी गई।

इस अवसर पर बोलते हुए, पंजाब के माननीय राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री ने नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, शैक्षणिक संस्थानों और आध्यात्मिक संगठनों के सामूहिक प्रयासों के माध्यम से नशा मुक्त भारत अभियान को एक सच्चे जन आंदोलन में बदलने की सराहना की। केंद्रीय मंत्री ने नशीले पदार्थों के दुरुपयोग को पूरी तरह से खत्म करने तथा एक स्वस्थ, जागरूक और सशक्त भारत के निर्माण के लिए सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया।

राज्य और संघ राज् क्षेत्र नशा मुक्त भारत अभियान के राष्ट्रीय समापन कार्यक्रम के लिए तैयार हुए। 

सभी राज्यों और संघ राज्‍य क्षेत्रों में 2,10,000 से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें जिला प्रशासन/नगर पालिकाओं, 6,100 से अधिक उच्च शिक्षण संस्थानों, 35,000 से अधिक स्कूलों, 1.35 लाख से अधिक स्‍वयं सहायता समूहों/आशा समूहों और विभिन्न सरकारी विभागों के माध्यम से 2,000 से अधिक स्थान शामिल थे।

इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री, श्री पुष्कर सिंह धामी, माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री, श्री तोखन  साहू और आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, तेलंगाना के मंत्रियों ने नशा मुक्त भारत अभियान समारोह में वर्चुअल रूप में भाग लिया।

एनएमबीए के पांच वर्षों (2020-2025) की प्रमुख उपलब्धियां:

  • 8.09 करोड़ युवाओं और 5.49 करोड़ महिलाओं सहित 23.74 करोड़ से अधिक लोगों को जागरूक बनाया गया।
  • इसमें 17 लाख से अधिक शिक्षण संस्थानों की भागीदारी रही। 
  • शामुक्ति उपचार चाहने वाले व्यक्तियों की संख्‍या में 427% की वृद्धि (2020-21 में 1.86 लाख से 2024-25 में 7.98 लाख व्‍यक्ति)।
  • 5.72 लाख ठीक हुए व्यक्ति अब अभियान में सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।
  • 20,000 से अधिक समर्पित मास्टर स्वयंसेवक।
  • नशामुक्ति सुविधाएं 490 से बढ़कर 780 हो गईं।
  • आध्यात्मिक संगठनों के साथ सहयोग से यह अभियान 3.37 करोड़ व्यक्तियों तक पहुंचा।
  • टोल-फ्री हेल्पलाइन 14446 प्रचालनरत; MANAS और आगामी TELEMANAS के साथ एकीकरण।

तीन महीने तक चले जीवंत प्री-इवेंट अभियान (अगस्त-अक्टूबर 2025) में प्रतियोगिताओं, मैराथन, रैलियों और कमजोर वर्गों के बीच लक्षित जागरूकता अभियान के माध्यम से करोड़ों नागरिकों को शामिल किया गया।

नशा मुक्त भारत अभियान एक शक्तिशाली जन आंदोलन के रूप में उभरा है, जो कलंक को दूर करता है, उम्मीद जगाता है और एक स्वस्थ, नशा मुक्त भारत का मार्ग प्रशस्त करता है।

            *****

KV


(Release ID: 2191361) Visitor Counter : 116
Read this release in: English , Urdu , Punjabi