इलेक्ट्रानिक्स एवं आईटी मंत्रालय
इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी सचिव श्री एस. कृष्णन ने साइबर प्रत्यास्थता सुदृढ़ करने के लिए त्रिपुरा में “साइबर भारत सेतु” कार्यशाला का उद्घाटन किया
साइबर भारत सेतु का लक्ष्य क्षमता निर्माण, नवाचार और सक्रिय रक्षा रणनीतियों द्वारा साइबर-सक्षम भारत बनाना है
सीईआरटी-इन विशेषज्ञों ने त्रिपुरा में "साइबर भारत सेतु" अभ्यास के दौरान सरकारी अधिकारियों, पुलिस और विद्यार्थियों के लिए इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किए
Posted On:
11 NOV 2025 5:10PM by PIB Delhi
त्रिपुरा सरकार का सूचना प्रौद्योगिकी निदेशालय, केन्द्रीय इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम - सीईआरटी-इन के सहयोग से साइबर भारत सेतु: ब्रिजिंग स्टेट्स, सिक्योरिंग भारत शीर्षक से राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा अभ्यास कार्यशाला आयोजित कर रहा है।
11 और 12 नवंबर 2025 को अगरतला के प्रज्ञा भवन में आयोजित हो रही दो दिवसीय कार्यशाला का उद्देश्य राज्य में साइबर जागरूकता, तत्परता और प्रतिक्रिया क्षमता सुदृढ़ करना है।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विशेषज्ञ-नेतृत्व द्वारा प्रशिक्षण, व्यावहारिक अभ्यास और काल्पनिक परिदृश्य-आधारित अभ्यासों के माध्यम से साइबर प्रत्यास्थता मजबूत करना है। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी सचिव श्री एस. कृष्णन ने त्रिपुरा के मुख्य सचिव श्री जे.के. सिन्हा, त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक श्री अनुराग, त्रिपुरा सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी सचिव श्री किरण गिट्टे, सीईआरटी-इन के महानिदेशक डॉ. संजय बहल और त्रिपुरा सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी निदेशक श्री जेया रागुल गेशन बी तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति में 11 नवंबर, 2025 को अगरतला के प्रज्ञा भवन के हॉल संख्या 1 में कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
कार्यशाला में त्रिपुरा सरकार के सचिव, विभागाध्यक्ष, राज्य सरकार के विभिन्न विभागों, संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी एवं आईटी नोडल अधिकारी, पुलिस अधिकारी, बैंक अधिकारी, तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि, विश्वविद्यालयों/कॉलेजों के विद्यार्थी और अन्य संबंधित राज्य स्तरीय हितधारक शामिल हैं।
इंटरैक्टिव कार्यशालाओं में सीईआरटी-इन के अधिकारियों, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं टीम लीडर श्री आशुतोष बहुगुणा, साइबर सुरक्षा आश्वासन समूह के वैज्ञानिक श्री शशांक गुप्ता, और वैज्ञानिक श्री मोहित कटारिया ने काफी ज्ञानवर्धक जानकारी साझा की।
साइबर भारत सेतु का उद्देश्य क्षेत्रीय साइबर सुरक्षा क्षमताओं को साथ मिलाकर, नवाचार के ज़रिए सक्रिय रक्षा एवं प्रतिक्रिया रणनीतियों को बढ़ावा देकर साइबर-सक्षम भारत बनाना है। यह पहल साइबर संकट प्रतिक्रिया तंत्र मज़बूत करने और संगठनात्मक साइबर तैयारियों को बढ़ाने के लिए विशेषज्ञों के नेतृत्व में कार्यशालाओं द्वारा भारत के डिजिटल बुनियादी ढांचे, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए क्षमता निर्माण, खुफिया जानकारी साझा करने और समन्वित प्रयासों पर ज़ोर देती है।
कार्यशाला में उन्नत अभ्यास सत्र और सिमुलेशन-आधारित घटक शामिल हैं, जिनमें व्यावहारिक गतिविधियां और सहयोगात्मक चर्चाएं होंगी। यह प्रतिभागी संगठनों के बीच साइबर सुरक्षा तत्परता और घटना-निपटान क्षमताओं में मापनीय सुधार के लिए डिज़ाइन की गई हैं।

केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी सचिव श्री एस. कृष्णन ने इस अवसर पर अग्रगामी और परिवर्तनकारी त्रिपुरा साइबर सुरक्षा नीति, 2025 - टीसीएसपी 2.0 का शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर त्रिपुरा के मुख्य सचिव श्री जे.के. सिन्हा, त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक श्री अनुराग, त्रिपुरा सरकार के सूचना-प्रौद्योगिकी सचिव श्री किरण गिट्टे, त्रिपुरा सरकार के सीईआरटी-इन के महानिदेशक डॉ. संजय बहल और त्रिपुरा सरकार के आईटी निदेशक श्री जेया रागुल गेशन बी. उपस्थित रहे।
नई नीति राज्य की आईटी और आईसीटी प्रणालियों को सुरक्षित करने, संस्थागत तंत्र सुदृढ़ करने, क्षमता निर्माण और त्रिपुरा में सुरक्षित और परिस्थिति अनुकूल साइबरस्पेस सुनिश्चित करने के लिए सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों में सहयोगात्मक कार्यों को बढ़ावा देने के मार्गदर्शक ढांचे के तौर पर काम करेगी।
राज्य में साइबर जागरूकता और स्थिति अनुकूलता बढ़ाने के लिए अक्टूबर 2024 में राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह (एनसीएसएएम) मनाया गया था। इसमें राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किये गये और पूरे त्रिपुरा में कई जागरूकता और क्षमता निर्माण कार्यक्रम संचालित हुए।
वर्ष 2024 में नेशनल साइबर सिक्युरिटी एवरनेस माह-एनसीएसएएम की सफलता और प्रभाव के बाद इसके दूसरे संस्करण के बारे में विचार किया गया और इसी अनुरूप 2025 में इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी सचिव द्वारा “साइबर जागृत त्रिपुरा” विषय के साथ त्रिपुरा साइबर सुरक्षा जागरूकता माह अभियान आरंभ किया गया।
पिछले वर्ष की तरह एक महीने का अभियान-टीसीएसएएम, 2025 राज्य भर में चलाया जाएगा। इसमें नागरिकों, विद्यार्थियों और सरकारी कर्मचारियों के बीच साइबर स्वच्छता और जागरूकता प्रसार और इसे सुदृढ़ करने के लिए त्रिपुरा सरकार के आईटी निदेशालय द्वारा अन्य हितधारकों के सहयोग से जुड़ाव और क्षमता निर्माण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
***
पीके/केसी/एकेवी/एसके
(Release ID: 2188946)
Visitor Counter : 82