इस्पात मंत्रालय
जेएलएन अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, भिलाई में छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर हैंड-ओनली सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
प्रविष्टि तिथि:
03 NOV 2025 6:32PM by PIB Raipur
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग के अंतर्गत संचालित जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (जेएलएनएचआरसी), सेक्टर-9, भिलाई में एक दिवसीय हैंड-ओनली सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों में हृदयगति रुकने की आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान करने की जागरूकता बढ़ाना तथा जीवनरक्षक प्राथमिक उपचार की व्यावहारिक विधियों का प्रशिक्षण देना था।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. विनीता द्विवेदी के मार्गदर्शन में तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर और डॉ. उदय कुमार के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों को हैंड-ओनली सीपीआर की चरणबद्ध प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कराया गया तथा उन्हें व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से प्रशिक्षित किया गया।

प्रशिक्षकों ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति की हृदयगति अचानक रुक जाए तो तीन प्रमुख चरण — त्वरित पहचान, तुरंत मदद के लिए बुलाना, और निरंतर छाती पर दबाव देना — जीवनरक्षक सिद्ध हो सकते हैं। यह तकनीक आपातकालीन परिस्थितियों में किसी भी व्यक्ति द्वारा अपनाई जा सकती है और पेशेवर चिकित्सा सहायता आने तक मरीज के जीवन की संभावना को बढ़ाती है।

जेएलएन अस्पताल परिसर के ओपीडी क्षेत्र में आयोजित इस प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और “जान बचाने की कला” सीखने में सक्रिय रुचि दिखाई। प्रतिभागियों ने हैंड-ओनली सीपीआर की आवश्यकता, तकनीक और महत्व को व्यावहारिक रूप से समझा तथा इसे समाज में अधिकाधिक लोगों तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनेस्थीसिया विभाग एवं क्वालिटी मैनेजमेंट विभाग की टीमों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग ने निर्णय लिया है कि अधिक से अधिक नागरिकों को इस जीवनरक्षक तकनीक से लाभान्वित करने के लिए प्रत्येक माह हैंड-ओनली सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम का नियमित आयोजन किया जाएगा।
*****
(रिलीज़ आईडी: 2185981)
आगंतुक पटल : 34
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English