खान मंत्रालय
खान मंत्रालय ने 100% लक्ष्य हासिल करते हुए विशेष अभियान 5.0 का समापन किया
Posted On:
31 OCT 2025 6:12PM by PIB Delhi
खान मंत्रालय ने अपने संबद्ध तथा अधीनस्थ कार्यालयों, केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों (सीपीएसई) और स्वायत्त निकायों के साथ मिलकर विशेष अभियान 5.0 का सफलतापूर्वक समापन कर दिया है। इस पहल का मकसद रिकॉर्ड प्रबंधन को बेहतर बनाना, सांसदों, प्रधानमंत्री कार्यालय, भारतीय उद्योग निगम (आईएमसी) और राज्य सरकारों से लंबित संदर्भों को कम करना, जन शिकायतों का समाधान करना और प्रभावी स्क्रैप निपटान करना है। पिछले अभियानों की सफलता को आगे बढ़ाते हुए, मंत्रालय ने इस अभियान के तहत एक बार फिर अपने निर्धारित लक्ष्यों को 100% हासिल किया है।
अभियान के दौरान, मंत्रालय ने 578 स्वच्छता अभियान चलाए, जो 292 के अपने लक्ष्य से कहीं अधिक थे। इन प्रयासों के तहत, कबाड़ निपटान से करीब 97 लाख रुपए की आय हुई और करीब 48 हज़ार वर्ग फुट कार्यालय स्थान मुक्त हुआ। रिकॉर्ड प्रबंधन के तहत 6,700 से ज़्यादा फाइलों का निपटान किया गया, जिससे कार्यकुशलता में सुधार और स्थान के अधिकतम उपयोग में खासी मदद मिली। इस अभियान ने सांसदों, राज्य सरकारों, आईएमसी, पीएमओ और जन शिकायतों से प्राप्त संदर्भों के निपटान और रिकॉर्ड प्रबंधन में भी 100% लक्ष्य हासिल किया। इसके अलावा, व्यापार में सुगमता बढ़ाने और सुशासन को बढ़ावा देने के लिए, मंत्रालय ने अभियान अवधि के दौरान 11 नियमों को सरल बनाया।
इस अभियान का एक प्रमुख आकर्षण जवाहरलाल नेहरू एल्युमीनियम अनुसंधान विकास एवं डिज़ाइन केंद्र (जेएनएआरडीडीसी) द्वारा समन्वित एक राष्ट्रव्यापी घरेलू ई-कचरा पुनर्चक्रण पहल थी। देश भर में 58 स्थानों पर चलाए गए इस अभियान के तहत एट्टीरो रीसाइक्लिंग और एमआरएआई जैसे अधिकृत पुनर्चक्रकों के ज़रिए 9.02 टन ई-कचरा सफलतापूर्वक एकत्र किया गया और 11 लाख रुपए से अधिक राशि वितरित की गई। इस पहल का मकसद कर्मचारियों और सहयोगी संगठनों के बीच ज़िम्मेदार ई-कचरा प्रबंधन और पुनर्चक्रण के बारे में जागरूकता बढ़ाना और स्थायी प्रथाओं को बढ़ावा देना था।
खान मंत्रालय के अंतर्गत विभिन्न संगठनों ने रचनात्मकता और पर्यावरण जागरूकता को प्रदर्शित करते हुए नवोन्मेषी और समुदाय-उन्मुख गतिविधियों का आयोजन किया। मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड (एमईसीएल) ने धातु के कबाड़ का उपयोग करके साइकिल, जिराफ़ और टूल स्टैंड जैसे कलात्मक अपशिष्ट-से-कला मॉडल विकसित किए, जो रचनात्मक पुन:उपयोग और पुनर्चक्रण दर्शाते हैं। भारतीय खान ब्यूरो (आईबीएम) ने अपशिष्ट पदार्थों का इस्तेमाल करके अपने कार्यालय परिसर का सौंदर्यीकरण किया, तेलंगाना स्थित देवपुर चूना पत्थर खदान में नवोन्मेषी कलाकृतियाँ बनाईं और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए मोराद के एक सरकारी स्कूल में खाद के लिए एक गड्ढा भी बनवाया। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) ने कर्मचारियों और संविदा कर्मचारियों के लिए एक निशुल्क चिकित्सा स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया, जिससे स्वास्थ्य और कल्याण पर अभियान के फोकस पर ज़ोर दिया गया।
इन निरंतर प्रयासों के ज़रिए खान मंत्रालय स्वच्छता, कुशल अपशिष्ट प्रबंधन और स्थिरता को बढ़ावा दे रहा है। विशेष अभियान 5.0 की उपलब्धियाँ स्वच्छ पर्यावरण, नवोन्मेषी पुनर्चक्रण और एक चक्रीय अर्थव्यवस्था दृष्टिकोण, अपशिष्ट को मूल्यवान संसाधनों और कला में बदलने, के प्रति मंत्रालय की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। यह अभियान पारदर्शिता, पर्यावरण-अनुकूल शासन और प्रभावी सार्वजनिक सेवा वितरण के प्रति मंत्रालय के समर्पण की पुष्टि करता है।
****
पीके/केसी/एनएस
(Release ID: 2184882)
Visitor Counter : 25