सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुंबई में आयोजित भारत समुद्री सप्ताह 2025 में 'जहाज वित्तपोषण के लिए नवीन व्यवस्था' पर प्रकाश डाला


लगभग 1 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर मूल्य वाला भारत का समुद्री क्षेत्र, निवेश के अपार अवसर प्रस्तुत करता है: श्री नितिन गडकरी

Posted On: 27 OCT 2025 6:34PM by PIB Delhi

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने आज मुंबई में भारत समुद्री सप्ताह 2025 को संबोधित किया। इस कार्यक्रम का विषय "जहाज वित्तपोषण के लिए नवीन व्यवस्था" था।

श्री गडकरी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि लगभग 1 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर (84 लाख करोड़ रुपये) मूल्य वाले भारत के समुद्री क्षेत्र में पत्तन, पोत परिवहन, नौवहन और रसद में निवेश की अपार संभावनाएँ हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (एमओआरटीएच) द्वारा टीओटी, आईएनवीआईटीएस और पीपीपी मॉडल के माध्यम से 1.4 लाख करोड़ रुपये की राशि जुटाने में मिली सफलता का हवाला दिया—जिसमें निजी भागीदारी 10 प्रतिशत से बढ़कर 35 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि इसी तरह के उपायों से परियोजनाओं के कार्यान्वयन में तेज़ी सकती है, गुणवत्ता में सुधार हो सकता है और निजी क्षेत्र के नवाचार और कुशल निधि प्रवाह के माध्यम से सरकार पर वित्तीय बोझ कम हो सकता है। उन्होंने इस अवसर पर "महासागरों का एकीकरण, एक समुद्री दृष्टिकोण: भारत की समुद्री प्रगति" शीर्षक से सीएमईजी (आरआईएस) - भारत समुद्री रिपोर्ट 2025-26 का विमोचन किया।

श्री गडकरी ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सागरमाला 2.0 परिकल्पना को आगे बढ़ाने के लिए केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल की प्रशंसा की। सागरमाला 2.0 का उद्देश्य जहाज निर्माण, मरम्मत और पुन;उपयोग को बढ़ावा देना, बंदरगाहों की दक्षता बढ़ाना, तटीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और अंतर्देशीय जलमार्गों को पुनर्जीवित करना है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि निजी नवाचार, पारदर्शी शासन और समयबद्ध कार्यान्वयन के साथ, भारत अपने समुद्री नेतृत्व और प्रतिस्पर्धात्मकता में स्थायी वैश्विक विश्वास का निर्माण कर सकता है।

*****

पीके/केसी/एमकेएस/डीए


(Release ID: 2183116) Visitor Counter : 43
Read this release in: English , Urdu , Marathi