विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
नगालैंड के मंत्री श्री तेम्जेन इम्ना अलोंग ने केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से मुलाकात की; दिवाली की शुभकामनाएं दीं और राज्य में विकास पहलों पर चर्चा की
डॉ. जितेंद्र सिंह और श्री तेम्जेन इम्ना अलोंग ने नगालैंड में विज्ञान आधारित विकास और नवाचार को मजबूत करने पर चर्चा की
Posted On:
23 OCT 2025 5:12PM by PIB Delhi
नगालैंड के मंत्री श्री तेम्जेन इम्ना अलोंग ने नई दिल्ली में केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा प्रधानमंत्री कार्यालय, परमाणु ऊर्जा विभाग, अंतरिक्ष विभाग, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से मुलाकात की।
बैठक के दौरान, तेम्जेन इम्ना अलोंग ने डॉ. जितेंद्र सिंह को दिवाली की शुभकामनाएं दीं और नगालैंड की जनता की ओर से भी हार्दिक शुभकामनाए दीं। दोनों नेताओं ने राज्य से संबंधित विभिन्न विकासात्मक मुद्दों, विशेष रूप से विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार और प्रशासनिक सुधारों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने नवोन्मेषी समाधानों, युवाओं पर केंद्रित पहलों और स्टार्टअप प्रणाली को बढ़ावा देकर पूर्वोत्तर क्षेत्र में विकास की गति को तेज़ करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। उन्होंने पूर्वोत्तर राज्यों पर दिए जा रहे विशेष ध्यान पर प्रकाश डाला ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि क्षेत्र के प्रत्येक राज्य को आधुनिक तकनीकों और डिजिटल शासन मॉडल का लाभ मिले।
तेम्जेन इम्ना अलोंग ने नागालैंड में केंद्रीय परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में उनके निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग के लिए डॉ. जितेंद्र सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने नगालैंड के युवाओं में नवाचार, कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय और संबंधित विभागों की पहलों के कार्यान्वयन में राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
तेम्जेन इम्ना अलोंग ने पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री के रूप में डॉ. जितेंद्र सिंह के पुराने कार्यकाल का उल्लेख किया और कहा कि वहां के लोग आज भी उन्हें प्यार से याद करते हैं।
इस बैठक का समापन दोनों नेताओं ने नगालैंड और संपूर्ण पूर्वोत्तर क्षेत्र में समावेशी और प्रौद्योगिकी-संचालित विकास लाने के लिए केंद्र-राज्य सहयोग को मजबूत करने के अपने साझा दृष्टिकोण की पुष्टि के साथ किया।


****
पीके/केसी/एके/केके
(Release ID: 2181949)
Visitor Counter : 14