प्रविष्टि तिथि:
17 OCT 2025 9:47PM by PIB Delhi
11वें एसीटीसीएम बार्ज, एलएसएएम 25 (यार्ड 135) का अधिष्ठापन समारोह 17 अक्टूबर 2025 को नौसेना डॉकयार्ड, मुंबई में आयोजित किया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि कमांडर सुमीत विष्णु शिदोरे, महाप्रबंधक (आर) एनडी (एमबीआई) थे।
ग्यारह (11) गोला-बारूद सह टॉरपीडो सह मिसाइल (एसीटीसीएम) बार्जों के निर्माण तथा डिलीवरी का अनुबंध 05 मार्च 2021 को मेसर्स सूर्यादिप्ता प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, ठाणे, एक एमएसएमई शिपयार्ड, के साथ संपन्न हुआ। शिपयार्ड ने एक भारतीय शिप डिज़ाइन फर्म के सहयोग से इन बार्जों को स्वदेशी रूप से डिज़ाइन किया है और बाद में नौसेना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला, विशाखापत्तनम में इनकी समुद्री योग्यता सुनिश्चित करने के लिए इनका सफलतापूर्वक मॉडल परीक्षण किया गया है। ये बार्ज भारतीय नौवहन रजिस्टर (आईआरएस) के प्रासंगिक नौसेना नियमों और विनियमों के अनुसार बनाए गए हैं। ये बार्ज भारत सरकार की मेक इन इंडिया और 'आत्मनिर्भर भारत' पहल के गौरवशाली ध्वजवाहक हैं।
दस एसीटीसीएम बार्ज पहले ही डिलीवर किए जा चुके हैं और शिपयार्ड को भारतीय नौसेना के लिए चार सलेज बार्ज के निर्माण का अनुबंध भी दिया गया है, जिससे एमएसएमई को प्रोत्साहित करने के प्रति भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता उजागर होती है।
इन बार्जों को शामिल करने से भारतीय नौसेना की परिचालन प्रतिबद्धता को बल मिलेगा, क्योंकि इससे जेटी और बाहरी बंदरगाहों पर भारतीय नौसेना के प्लेटफार्मों तक वस्तुओं/गोला-बारूद के परिवहन और इन्हें चढ़ाने तथा उतारने में सुविधा होगी।


***
पीके/केसी/पीके