मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रीय डिजिटल पशुधन मिशन कार्यशाला में बेहतर पशुधन प्रबंधन के लिए भारत पशुधन प्लेटफॉर्म के उपयोग पर जोर दिया गया

प्रविष्टि तिथि: 14 OCT 2025 5:54PM by PIB Delhi

मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय के पशुपालन एवं डेयरी विभाग (डीएएचडी) के सचिव श्री नरेश पाल गंगवार की अध्यक्षता में आज नई दिल्ली के पूसा स्थित एनएएससी कॉम्प्लेक्स में राष्ट्रीय डिजिटल पशुधन मिशन (एनडीएलएम)  विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में पशुपालन एवं डेयरी विभाग की अतिरिक्त सचिव सुश्री वर्षा जोशी, पशुपालन आयुक्त डॉ. प्रवीण मलिक, पशुपालन आयुक्त श्री राम शंकर सिन्हा और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। इस कार्यशाला में 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यशाला में राष्ट्रीय डिजिटल पशुधन मिशन के कार्यान्वयन में तेज़ी लाने पर ध्यान केंद्रित किया गया। इसमें कुशल पशुधन प्रबंधन और सेवा वितरण के लिए भारत पशुधन जैसे डिजिटल प्लेटफार्मों का लाभ उठाने पर विशेष बल दिया गया। पशुपालकों के बीच डिजिटल साक्षरता बढ़ाने, ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने और सभी प्रशासनिक स्तरों पर प्रभावी डेटा उपयोग सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया गया। अपने संबोधन में डीएएचडी सचिव ने डेटा अखंडता बनाए रखने, बेहतर निगरानी और निर्णय लेने के लिए क्षेत्र-स्तरीय डेटा के प्रभावी उपयोग और डिजिटल प्रणालियों को स्थायी रूप से अपनाने के लिए व्यापक हितधारक भागीदारी के महत्व पर बल दिया। उन्होंने क्षेत्र भर के सभी हितधारकों द्वारा पहलों को व्यापक रूप से अपनाने के लिए निरंतर प्रयासों की आवश्यकता पर भी बल दिया।

राष्ट्रीय डिजिटल पशुधन मिशन का उद्देश्य नस्ल सुधार, रोग निगरानी और उत्पाद ट्रेसबिलिटी में सहायता के लिए एक किसान-केंद्रित डिजिटल इको-सिस्टम स्थापित करना है। भारत पशुधन प्लेटफॉर्म पर 9.4 करोड़ से अधिक पशुपालक और 34.5 करोड़ पशु पहले ही पंजीकृत हो चुके हैं, जो व्यापक पशुधन डिजिटलीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।

***

पीके/केसी/वीके/एचबी


(रिलीज़ आईडी: 2179103) आगंतुक पटल : 109
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Malayalam