प्रविष्टि तिथि:
12 OCT 2025 9:00PM by PIB Delhi
रूसी गणराज्य में आयोजित एक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक प्रदर्शनी में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों को औपचारिक रूप से कलमीकिया में प्रतिष्ठित किया गया। रूसी गणराज्य के एलिस्टा में 11-18 अक्टूबर, 2025 तक आयोजित पवित्र कलाकृतियों की इस प्रदर्शनी के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य और रूस के कलमीकिया गणराज्य के प्रमुख श्री बटू खासिकोव ने तीन अनूठी प्रदर्शनियों का उद्घाटन किया।

संस्कृति मंत्रालय के बीटीआई अनुभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ (आईबीसी), राष्ट्रीय संग्रहालय और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) के सहयोग से आयोजित यह प्रदर्शनी भारत और रूस विशेष रूप से कलमीकिया के बौद्ध समुदाय के बीच गहरे आध्यात्मिक संबंधों का प्रतीक है।

बौद्ध विरासत से जुड़ी तीन प्रदर्शनियां-
आज के कार्यक्रम में बौद्ध धर्म की वैश्विक और ऐतिहासिक यात्रा को दर्शाने वाली तीन अलग-अलग प्रदर्शनियों का उद्घाटन किया गया:
- "शाक्यों की पवित्र विरासत: बुद्ध के अवशेषों की प्रदर्शनी" - आईबीसी द्वारा प्रस्तुत, यह प्रदर्शनी कपिलवस्तु से लेकर आधुनिक समय में बुद्ध के पवित्र अवशेषों की पुन: खोज और प्राचीन यात्रा का गहन वर्णन प्रस्तुत करती है।
- वैश्विक डाक टिकट प्रदर्शनी - कर्नाटक में धारवाड़ के श्री विनोद कुमार द्वारा आयोजित इस अनूठी प्रदर्शनी में बौद्ध विरासत की विश्वव्यापी पहुंच और प्रभाव को दर्शाने वाले 90 देशों के बौद्ध डाक टिकट प्रदर्शित किए गए।
- 'बोधिचित्त' - बौद्ध कला की निधि - राष्ट्रीय संग्रहालय और राष्ट्रीय पांडुलिपि मिशन की यह प्रदर्शनी, भारत की दो सहस्राब्दियों से अधिक पुरानी समृद्ध बौद्ध कला और पांडुलिपि परंपराओं के साथ गहन जुड़ाव प्रस्तुत करती है।
इस कार्यक्रम के दौरान कलमीकिया के बौद्ध केंद्रीय आध्यात्मिक प्रशासन और अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर भी किए गए।

उच्च स्तरीय कूटनीति के माध्यम से संबंधों को मजबूत करना-
इस यात्रा के दौरान उप-मुख्यमंत्री श्री मौर्य के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने कई राजनयिक बैठकें कीं। श्री मौर्य ने एलिस्टा स्थित ग्रीन तारा पार्क का दौरा किया और माता ग्रीन तारा के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने पार्क परिसर के मुख्य वास्तुकार को इस पार्क को एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने में निर्माण सामग्री और भगवान बुद्ध की प्रतिमा की स्थापना में सहायता का आश्वासन दिया

श्री मौर्य ने श्री बटू खासिकोव के साथ एक बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत और कलमीकिया गणराज्य के बीच सांस्कृतिक संबंध मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के कलमीकिया में स्वागत के लिए श्री बटू खासिकोव का आभार व्यक्त किया।
आध्यात्मिक गतिविधियों का एक सप्ताह-
भारत से वरिष्ठ भिक्षुओं का एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल पवित्र अवशेषों के दर्शन करने वाले स्थानीय भक्तों को धार्मिक सेवाएं प्रदान कर रहा है। सप्ताह भर चलने वाले इस कार्यक्रम में शाक्य संप्रदाय के प्रमुख परम पावन 43वें शाक्य त्रिज़िन रिनपोछे द्वारा बोद्ध धर्म की शिक्षाओं पर प्रवचन शामिल हैं।
भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों को एलिस्टा के गेडेन शेडुप चोइकोरलिंग मठ में सार्वजनिक पूजा के लिए रखा गया है, इस मुख्य बौद्ध मठ को "शाक्यमुनि बुद्ध का स्वर्ण निवास" भी कहा जाता है।
यूरोप के एकमात्र बौद्ध राष्ट्र कलमीकिया में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी वहां के लोगों के लिए आस्था की वापसी का प्रतीक है। यह ऐतिहासिक आयोजन भारत और रूस के बीच आध्यात्मिक मित्रता, भारत की सांस्कृतिक कूटनीति और बुद्ध की शिक्षाओं की एकीकरणीय शक्ति को प्रदर्शित करता है।
****
पीके/केसी/जेके/एसके