आयुष
azadi ka amrit mahotsav

'देश का स्वास्थ्य परीक्षण' निवारक स्वास्थ्य के प्रति एक राष्ट्रीय जागृति है: केंद्रीय आयुष मंत्री श्री प्रतापराव जाधव


सीसीआरएएस अपने संस्थानों के नेटवर्क के माध्यम से पूरे देश में नागरिक स्वास्थ्य का आकलन करने के अभियान का नेतृत्व करेगा

आयुर्वेद-आधारित मूल्यांकन उपकरण नागरिकों को स्वास्थ्य जागरूकता और निवारक जीवनशैली प्रथाओं से सशक्त बनाएगा

यह अभियान देश में सबसे बड़ी निवारक स्वास्थ्य जागरूकता पहलों में से एक बनने के लिए तैयार है

Posted On: 06 OCT 2025 5:40PM by PIB Delhi

आयुर्वेदिक विज्ञान में अनुसंधान करने के लिए आयुष मंत्रालय की एक शीर्ष संस्था, केंद्रीय आयुर्वेदिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (सीसीआरएएस) ने 'देश का स्वास्थ्य परीक्षण' अभियान शुरू करने की योजना तैयार कर ली है। इस अभियान का शुभारंभ हाल ही में गोआ में आयोजित 10वें आयुर्वेद दिवस समारोह के दौरान किया गया। इस अवसर पर गोआ के राज्यपाल श्री अशोक गजपति राजू, गोआ के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रतापराव जाधव, केंद्रीय विद्युत और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्री श्रीपद येसो नाइक और आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा भी उपस्थित थे।

इस अभियान का उद्देश्य लोगों को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना, निवारक उपायों को प्रोत्साहित करना और दीर्घकालिक स्वास्थ्य के लिए आयुर्वेद-आधारित आहार और जीवनशैली प्रथाओं को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इसे देश भर में फैले सीसीआरएएस संस्थानों, राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा प्राणाली आयोग (एनसीआईएसएम) के अंतर्गत आयुर्वेद शिक्षण महाविद्यालयों, राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत सहयोगी संस्थानों और विभिन्न राज्य-स्तरीय आयुर्वेद केंद्रों के माध्यम से कार्यान्वित किया जा रहा है।

केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री, श्री प्रतापराव जाधव ने अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा: "देश का स्वास्थ्य परीक्षण" केवल एक मूल्यांकन नहीं हैयह निवारक स्वास्थ्य के प्रति एक राष्ट्रीय जागृति है। प्रत्येक नागरिक को अपने स्वास्थ्य की स्थिति का मूल्यांकन करने और उसे समझने के लिए प्रोत्साहित करके, हम एक स्वस्थ भारत की नींव रख रहे हैं। इस पहल के माध्यम से, आहार, जीवनशैली और संतुलन पर आयुर्वेद के शाश्वत मार्गदर्शन को वैज्ञानिक और सुलभ तरीके से लोगों के दैनिक जीवन में लाया जा रहा है।"

सीसीआरएएस के महानिदेशक, प्रो. रविनारायण आचार्य ने बताया, "सीसीआरएएस स्वास्थ्य आकलन पैमाना आयुर्वेद को संरचित स्वास्थ्य मूल्यांकन के साथ एकीकृत करने की दिशा में एक अग्रणी कदम है। यह अभियान जन स्वास्थ्य रुझानों पर बहुमूल्य अंतर्दृष्टि प्रदान करेगा और साथ ही लोगों को सरल, निवारक जीवनशैली उपायों को अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।"

संस्थानों, विद्यार्थियों, चिकित्सकों और आम जनता की व्यापक भागीदारी की अपेक्षा के साथ, यह अभियान देश की सबसे बड़ी निवारक स्वास्थ्य जागरूकता पहलों में से एक बनने के लिए तैयार है।

"देश का स्वास्थ्य परीक्षण" एक अभियान से कहीं अधिक हैयह आयुर्वेद के माध्यम से स्वास्थ्य की पुनर्कल्पना करने का एक जन आंदोलन है, जो सभी के लिए समग्र कल्याण के भारत के दृष्टिकोण की पुष्टि करता है। इसके मूल में सीसीआरएएस स्वास्थ्य आकलन पैमाना है, जो एक प्रमाणित सॉफ्टवेयर उपकरण है। इसे शास्त्रीय आयुर्वेदिक सिद्धांतों के आधार पर किसी व्यक्ति की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह अभिनव उपकरण आयुर्वेदिक चिकित्सकों को प्राचीन ग्रंथों पर आधारित एक संरचित प्रश्नावली के माध्यम से विभिन्न स्वास्थ्य मापदंडों का मूल्यांकन करने में सक्षम बनाता है, जिससे प्रतिभागियों को प्रमुख स्वास्थ्य संकेतकों के बारे में जागरूकता प्राप्त करने में सहायता मिलती है और साथ ही उचित आहार और जीवनशैली प्रथाओं के पालन को प्रोत्साहित किया जाता है।

*****

पीके/केसी/एमकेएस/डीके


(Release ID: 2175497) Visitor Counter : 52
Read this release in: English , Urdu