युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
गांधी जयंती पर देशव्यापी छठे फिट इंडिया फ्रीडम रन में भारत ने एकल इस्तेमाल प्लास्टिक वस्तुओं का उपयोग बंद करने और सार्वजनिक स्थानों को कचरा मुक्त बनाने का संकल्प लिया
प्रविष्टि तिथि:
02 OCT 2025 4:31PM by PIB Delhi
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर फिट इंडिया मिशन ने एक बार इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक वस्तुओं का उपयोग बंद करने और लोगों को सभी सार्वजनिक स्थानों को कचरा मुक्त रखने को प्रेरित करने के लिए देशभर में छठा फ्रीडम रन आयोजित किया।

दिल्ली के प्रसिद्ध जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में सुबह को कम दूरी का प्लॉग रन संचालित किया गया जिसमें युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के अधिकारियों और लोगों ने हिस्सा लिया। प्लॉगिंग एक अनूठी गतिविधि है जो फिटनेस और स्वच्छता का मिश्रण है, जिसमें प्रतिभागी जॉगिंग करते हुए कूड़ा इकट्ठा करते हैं। स्वच्छता अभियान का नेतृत्व युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय में खेल सचिव श्री हरि रंजन राव ने किया। वे इस पहल के मुख्य अतिथि भी थे। प्लॉग मैन ऑफ इंडिया श्री रिपु दमन आयोजन में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
'स्वच्छता से स्वास्थ्य की ओर', अर्थात 'स्वच्छता के माध्यम से अच्छे स्वास्थ्य की ओर', के आदर्श वाक्य (नारे) के साथ, फिट इंडिया फ्रीडम रन में खेल मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री कुणाल और भारतीय खेल प्राधिकरण के उप महानिदेशक श्री मयंक श्रीवास्तव भी शामिल हुए। संडे ऑन साइकल सहयोगी योगासन भारत और एमवाई भारत ने भी पूरे जोश के साथ इस कार्यक्रम में भाग लिया।

नागरिकों को स्वच्छता संबंधी व्यवहार अपनाने और दैनिक जीवन में एक बार इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक पदार्थों का दोबारा उपयोग न करने के लिए प्रोत्साहित करने से संबंधित एक नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किया गया। 2 अक्टूबर से आरंभ होकर, महीने भर चलने वाला यह स्वच्छता अभियान 31 अक्टूबर को लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर संपन्न होगा।

इस पहल के बारे में श्री हरि रंजन राव ने कहा कि सभी उम्र के दिल्लीवासियों को प्लॉग रन में भाग लेते देखना सुखद रहा। उन्होंने कहा कि अगर सभी लोग सार्वजनिक स्थानों को कूड़ा-कचरा मुक्त रखें और दैनिक जीवन में एकल इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक वस्तुओं का उपयोग बंद करें, तभी हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के परम लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। श्री राव ने कहा कि अपने शहर और अपने आस-पड़ोस को साफ़-सुथरा रखने की ज़िम्मेदारी हम सब की है क्योंकि इससे हमें चुस्त-दुरुस्त और स्वस्थ रहने में मदद मिलेगी, जो फिट इंडिया मिशन का मुख्य उद्देश्य है।
श्री रिपु दमन ने भी इसी भावना को व्यक्त करते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2019 में आरंभ किए गए फिट इंडिया अभियान का निरंतर हिस्सा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम भारतीयों की आदत है कि हम सिर्फ़ अपने घर की सफ़ाई करते हैं, अपने आस-पड़ोस की नहीं, जिसे अब दूर करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह पहल हमारे मन में व्याप्त गंदगी और कूड़े को हटाने का प्रतीक है। जब हम अपने आस-पड़ोस को साफ़ रखेंगे, तभी हम खुद को स्वस्थ रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को ऐसी पहल में हिस्सा लेना चाहिए।
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने छठा फिट इंडिया फ्रीडम रन फिटस्पायर, रेड एफएम और रैपिडो के सहयोग से आयोजित किया। यह प्लॉगिंग दौड़ अभियान सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की राजधानियों के अलावा भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय केंद्रों में विभिन्न आयु वर्गों के लिए एक साथ आयोजित की गई।

***
पीके/केसी/एकेवी/एमबी
(रिलीज़ आईडी: 2174237)
आगंतुक पटल : 109