कोयला मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

अरपा नदी घाट पर एसईसीएल का स्वच्छता अभियान, लगातार पाँचवें वर्ष चला विशेष कार्यक्रम

प्रविष्टि तिथि: 25 SEP 2025 8:17PM by PIB Raipur

दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने ‘स्वच्छता ही सेवा – स्वच्छोत्सव 2025’ के तहत गुरुवार को बिलासपुर स्थित अरपा नदी के छठ घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। “1 घंटा – 1 दिन – 1 साथ” थीम पर आधारित इस पहल में करीब 100 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। यह लगातार पाँचवां वर्ष है जब कंपनी ने अरपा नदी तट की सफाई की जिम्मेदारी उठाई है।

कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन के नेतृत्व और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में एसईसीएल टीम ने घाट परिसर से कचरा, प्लास्टिक बोतलें और अन्य अपशिष्ट हटाए। एक घंटे की सामूहिक मेहनत से घाट का स्वरूप साफ-सुथरा हुआ और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता का सशक्त संदेश मिला।

अभियान के दौरान सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ सामाजिक दायित्व निभाने में भी अग्रणी है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही सकारात्मक बदलाव संभव है और अरपा नदी के प्रति यह कंपनी की आस्था और जिम्मेदारी दोनों को दर्शाता है।

स्वयंसेवकों ने “स्वच्छता ही सेवा है” के नारे लगाते हुए समाज के सभी वर्गों से स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने की अपील की। इस पहल के जरिए न केवल नदी घाट की साफ-सफाई सुनिश्चित हुई बल्कि पर्यावरण संरक्षण और नागरिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता भी बढ़ी।
 

*****


आरडीजे


(रिलीज़ आईडी: 2171442) आगंतुक पटल : 60
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English