रक्षा मंत्रालय
भारतीय नौसेना की कार रैली नई दिल्ली में राष्ट्रव्यापी आउटरीच अभियान के समापन पर रवाना हुई
प्रविष्टि तिथि:
22 SEP 2025 10:00AM by PIB Delhi
एनडब्ल्यूडब्ल्यूए आउटरीच 2025 पहल के अंतर्गत, भारतीय नौसेना की कार रैली ने 21 सितंबर, 2025 को नई दिल्ली में अपनी आठ दिवसीय स्मरणीय यात्रा का समापन किया। इस अवसर पर नौसेना स्टाफ के उप प्रमुख वाइस एडमिरल संजय वात्स्यायन ने रैली को औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एनडब्ल्यूडब्ल्यूए की अध्यक्ष श्रीमती शशि त्रिपाठी के नेतृत्व में इस राष्ट्रीय आउटरीच पहल का संचालन मुख्य रूप से गौरवान्वित नौसैनिक जीवनसाथियों द्वारा किया गया, जिनके साथ सेवा कार्मिक और सहायक कर्मचारी भी शामिल थे। इस संयुक्त प्रयास ने नौसेना के अनुशासन, एकता एवं सेवा के मूल सिद्धांतों को उजागर किया और दिखाया कि इसकी भावना समुद्र से आगे बढ़कर समुदायों, सांस्कृतिक परंपराओं तथा राष्ट्र के सामूहिक भविष्य तक फैली हुई है।
टीम ने स्पर्श दान अभियान के तहत अनाथालयों, वृद्धाश्रमों और दिव्यांग व्यक्तियों के संस्थानों में जाकर आशा, सम्मान व करुणा के संदेश का प्रसार किया। उन्होंने साहस, अवसर एवं राष्ट्रीय सेवा की कहानियों के माध्यम से युवाओं को प्रेरित किया, जिससे नौसेना तथा राष्ट्र के बीच संबंध और मजबूत हुए।
प्रत्येक पड़ाव पर रैली ने भारत की समृद्ध विरासत और विविधता का उत्सव मनाया। टीम ने ऐतिहासिक स्थलों की खोज से लेकर लखनऊ और वाराणसी के हथकरघा केंद्रों में 'स्किल इंडिया', 'मेक इन इंडिया' तथा राष्ट्रीय हथकरघा विकास कार्यक्रम को बढ़ावा देने तक आत्मनिर्भर भारत में स्वदेशी शिल्प एवं आजीविका के महत्व को उजागर किया। इसके साथ ही, 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' पहल के तहत क्षेत्रीय व्यंजनों का अनुभव भी विविधता में एकता का जीवंत उत्सव बन गया।
यह रैली केवल दूरी तय करने के लिए नहीं, बल्कि यह संदेश पहुंचाने के लिए थी: कि नौसेना और एनडब्ल्यूडब्ल्यूए राष्ट्र निर्माण, सांस्कृतिक गौरव व सामाजिक समावेशन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। जैसे-जैसे काफिला शहरों व प्रमुख स्थलों से गुजर रहा था, यह सेवा, विरासत और एकता की स्थायी भावना के माध्यम से जीवन में ऊर्जा एवं प्रेरणा का संचार कर रहा था।
*****
पीके/केसी/एनके
(रिलीज़ आईडी: 2169898)
आगंतुक पटल : 40