स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

छत्तीसगढ़ में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ से 3.98 लाख लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

10 हजार से अधिक शिविरों में महिलाओं की स्वास्थ्य और पोषण जागरूकता पर विशेष जोर

प्रविष्टि तिथि: 21 SEP 2025 7:37PM by PIB Raipur

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की महत्वाकांक्षी पहल “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” छत्तीसगढ़ में लगातार सफलता की नई ऊँचाइयों को छू रही है। बीते तीन दिनों में प्रदेशभर में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से कुल 3,98,542 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया, जिनमें 2,80,204 महिलाएँ शामिल हैं।

अभियान के तहत आयोजित 10,000 से अधिक शिविरों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर और सिकल सेल जैसी गंभीर बीमारियों की जांच के साथ गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच और बच्चों का टीकाकरण प्राथमिकता में रखा गया। विशेष रूप से 1,10,065 लोगों का अनीमिया परीक्षण किया गया, जो महिलाओं में इस रोग की अधिकता को देखते हुए समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण संबंधी जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया गया। शिविरों में महिला स्वास्थ्यकर्मियों और विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं को संतुलित आहार, आयरन और फोलिक एसिड की खुराक, स्वच्छता और जीवनशैली सुधार के संबंध में परामर्श प्रदान किया गया। इससे यह सुनिश्चित हुआ कि महिलाएँ केवल जांच तक सीमित न रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित हों।

अभियान के दौरान 33,773 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, 72,610 लोगों की सिकल सेल स्क्रीनिंग, 71,985 लोगों की टीबी जांच और 13,884 बच्चों का टीकाकरण किया गया। इसके अलावा, 2,24,974 लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित परामर्श प्रदान किया गया, जिससे समुदाय में व्यापक स्वास्थ्य जागरूकता फैली।

छत्तीसगढ़ में चल रहा यह अभियान न केवल स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित है, बल्कि नारी स्वास्थ्य और पोषण जागरूकता के माध्यम से सशक्त परिवार और सशक्त समाज की दिशा में ठोस कदम साबित हो रहा है।

*** 
आरडीजे


(रिलीज़ आईडी: 2169296) आगंतुक पटल : 30
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English