युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा खडसे ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में "खेलो रेवर - संसद खेल महोत्सव" का शुभारंभ किया, खेल जगत से अधिकतम भागीदारी का आग्रह किया
प्रविष्टि तिथि:
29 AUG 2025 9:44PM by PIB Delhi
केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा खडसे ने राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 के अवसर पर अपने लोकसभा क्षेत्र में “खेलो रेवर – संसद खेल महोत्सव” के शुभारंभ की घोषणा की

यह महोत्सव जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान करने, उनके कौशल को सुधारने और उनका सम्मान करने के लिए एक खेल मंच के रूप में काम करेगा इसके साथ ही यह फिटनेस और युवा सहभागिता का संदेश भी फैलाएगा।
श्रीमती खडसे ने इस अवसर पर कहा, "खेल केवल प्रतिस्पर्धा के बारे में नहीं है, यह चरित्र निर्माण, अनुशासन और एक स्वस्थ एवं आत्मविश्वासी समाज के निर्माण के बारे में है। खेलो रेवर हमारे निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्येक युवा के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और फिट इंडिया की भावना को अपनाने का एक अवसर है।"
उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र के स्कूलों, कॉलेजों, खेल क्लबों, अकादमियों और स्थानीय एथलीटों से अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने और महोत्सव को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खेलो इंडिया के माध्यम से जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने और भारत को एक वैश्विक खेल राष्ट्र बनाने के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
संसद खेल महोत्सव में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, कुश्ती, फुटबॉल और पारंपरिक स्वदेशी खेलों सहित विभिन्न विषयों की प्रतियोगिताएं होंगी, जिसमें विभिन्न आयु वर्गों के लड़के और लड़कियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

श्रीमती खडसे ने यह भी कहा कि महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न खेल विकास योजनाओं के तहत जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
खेल राज्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा, "मैं रेवर के प्रत्येक अभिभावक, शिक्षक, प्रशिक्षक और खेल प्रेमियों से अपील करती हूँ कि वे हमारे बच्चों और युवाओं को इसमें भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें। आइए, हम सब मिलकर खेलो रेवर को अपने निर्वाचन क्षेत्र के लिए प्रतिभा, ऊर्जा और गौरव का उत्सव बनाएँ।"
***
पीके/केसी/जेके/एनके
(रिलीज़ आईडी: 2162259)
आगंतुक पटल : 102