संस्कृति मंत्रालय
कोहिमा में “पूर्वोत्तर भारत में शिक्षा के विकास” पर ऐतिहासिक प्रदर्शनी का उद्घाटन
भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार और नागालैंड सरकार के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित
प्रविष्टि तिथि:
08 AUG 2025 9:45PM by PIB Delhi
भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार ने नागालैंड सरकार के उच्च शिक्षा विभाग सहयोग से कोहिमा स्थित कैपिटल कन्वेंशन सेंटर में “पूर्वोत्तर भारत में शिक्षा का विकास” शीर्षक से एक अनूठी अभिलेखीय प्रदर्शनी का आयोजन किया है। यह ऐतिहासिक प्रदर्शनी दुर्लभ और व्यावहारिक अभिलेखीय दस्तावेजों के माध्यम से पूर्वोत्तर, विशेषकर नागालैंड में शिक्षा के क्षेत्र में हुए ऐतिहासिक विकास एवं प्रगति को प्रदर्शित करती है।
नागालैंड के माननीय उच्च शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री श्री तेमजेन इम्ना अलोंग ने प्रदर्शनी का औपचारिक रूप से उद्घाटन किया। समारोह के दौरान, माननीय मंत्री महोदय ने डिजिटल प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया और प्रदर्शनी ब्रोशर का अनावरण किया, जो क्षेत्र की शैक्षिक विरासत को संरक्षित करने तथा उसे बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों में डॉ. त्सेइलहोतुओ (एटो) रुत्सो, विधायक, श्री समर नंदा, महानिदेशक, भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार, श्रीमती सरिता यादव, आईएएस, सचिव, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, श्रीमती वी लोविटोली सेमा, एनसीएस, पदेन निदेशक, उच्च शिक्षा, श्री सैयद फरीद अहमद, उप निदेशक, भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार, डॉ. देवेंद्र कुमार शर्मा, श्रीमती एथेल ओ लोथा, आयुक्त एवं सचिव, कला और संस्कृति विभाग व वरिष्ठ अधिकारी, विद्वान, शिक्षक तथा विद्यार्थी शामिल थे।
यह प्रदर्शनी इस क्षेत्र के शैक्षिक विकास पर एक व्यापक और विचारोत्तेजक दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है, जिसमें दस्तावेज, तस्वीरें, पत्राचार व नीतिगत दस्तावेज शामिल हैं, जो पूर्वोत्तर क्षेत्र में शैक्षणिक संस्थानों के विकास तथा सुधारों को दर्शाते हैं।
यह सहयोगात्मक पहल न केवल नागालैंड और पूर्वोत्तर के समृद्ध शैक्षिक इतिहास का उत्सव मनाती है, बल्कि इस क्षेत्र में आधुनिक शिक्षा को आकार देने वाले प्रयासों तथा दृष्टिकोण को उजागर करके भावी पीढ़ियों को प्रेरित भी करती है।
यह प्रदर्शनी 8 अगस्त से 14 अगस्त, 2025 तक आम जनता के लिए खुली रहेगी और सभी को पूर्वोत्तर भारत में शिक्षा के इतिहास की इस आकर्षक यात्रा को देखने तथा उसका अनुभव करने के लिए सादर आमंत्रित किया गया है।
***
पीके/केसी/एनके/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2154541)
आगंतुक पटल : 40