पृथ्‍वी विज्ञान मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

संसद प्रश्न: गहरा महासागर मिशन

Posted On: 07 AUG 2025 3:53PM by PIB Delhi

अंतरराष्ट्रीय समुद्रतल प्राधिकरण के साथ अनुबंध के अंतर्गत भारत को वैज्ञानिक सर्वेक्षण और खनिज अन्वेषण गतिविधियों के संचालन हेतु मध्य हिंद महासागर बेसिन में 75,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र और दक्षिणी हिंद महासागर के मध्य हिंद रिज और दक्षिण-पश्चिम हिंद रिज में 10,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र आवंटित किया गया है। इसके अलावा, गहरा महासागर मिशन के तहत अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में 19 समुद्री पर्वतीय (सीमाउंट्स) स्थानों पर जैव विविधता सर्वेक्षण किए गए हैं।

पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय से संबद्ध कार्यालय, समुद्री जीव संसाधन एवं पारिस्थितिकी केंद्र (कोच्चि) ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में 19 समुद्री पर्वतों पर जैव विविधता सर्वेक्षण किए हैं। इस केंद्र ने लगभग 1300 गहरे समुद्री जीवों को एकत्रित, अध्ययन और प्रमाणित किया है, जिसमें चुनिंदा जीवों का जीनोमिक विश्लेषण और विज्ञान के लिए लगभग 23 नई प्रजातियों की खोज शामिल है। जैव विविधता के आंकड़ों का प्रचार-प्रसार शोध प्रकाशनों के माध्यम से किया जाता है और संयुक्त राष्ट्र महासागर जैव विविधता सूचना प्रणाली के साथ साझा किया जाता है।

गहरे महासागर मिशन के भाग के रूप में, विभिन्न सरकारी और निजी प्रयोगशालाओं, विश्वविद्यालयों और संस्थानों द्वारा सहयोगात्मक अनुसंधान परियोजनाएँ शुरू की जाती हैं और उन्हें वित्त पोषित किया जाता है।

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में समुद्री पर्वतों के सर्वेक्षणों के माध्यम से एकत्रित जीवों के समुद्री जैव विविधता के आंकड़ों को शोध प्रकाशनों के माध्यम से प्रसारित किया जाता है और संयुक्त राष्ट्र महासागर जैव विविधता सूचना प्रणाली के साथ साझा किया जाता है।  इसके अलावा, राष्ट्रीय महासागर प्रौद्योगिकी संस्थान, चेन्नई द्वारा विकसित समुद्री सूक्ष्मजीव सूचना पोर्टल, डीप ओशन मिशन (गहरा महासागर मिशन) के अंतर्गत एकत्रित गहरे समुद्र के सूक्ष्मजीवों के जीनोमिक अनुक्रम डेटा को सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराता है।

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय राज्य मंत्री, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री, परमाणु ऊर्जा विभाग और अंतरिक्ष विभाग डॉ. जितेंद्र सिंह ने यह जानकारी आज राज्यसभा में लिखित उत्तर में दी।

*****

 

पीके/केसी/पीके


(Release ID: 2153643)
Read this release in: English , Urdu