कृषि एवं किसान कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

क्रॉपिक के माध्यम से फसल की हानि के आकलन को स्वचालित करना

Posted On: 01 AUG 2025 4:34PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के अंतर्गत प्रौद्योगिकी पहलों में से एक, क्रॉपिक (फसलों के वास्तविक समय अवलोकन और फोटो का संग्रह), फसल के खेतों की तस्वीरें एकत्र करने, फसलों के स्वास्थ्य का पता लगाने और आपदाओं से होने वाले नुकसान की पहचान करने हेतु एक डिजिटल एप्लिकेशन है। क्रॉपिक ऐप का उद्देश्य स्मार्टफोन के माध्यम से किसानों और क्षेत्र समन्वयकों से जियोटैग्ड क्राउडसोर्स्ड तस्वीरें एकत्र करना है। टाइम-सीरीज  जियोटैग्ड तस्वीरों का उद्देश्य बीमित फसलों के फसल सत्यापन और स्थानीय आपदाओं की स्थिति में फसल क्षति का आकलन करना है।

क्रॉपिक की परिकल्पना फसल बीमा स्टेकहोल्डर्स को फसलों की निगरानी और प्रबंधन के लिए एक पारदर्शी, वास्तविक समय, साक्ष्य-आधारित प्रणाली प्रदान करके सशक्त बनाने, फसल बीमा और आपदा प्रतिक्रिया की प्रभावशीलता को सुदृढ़ करने और डेटा-आधारित नीतिगत निर्णय सुनिश्चित करने के लिए की गई है। तथापि, क्रॉपिक डेटा पर सार्वजनिक डैशबोर्ड उपलब्ध कराने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।

इसके अतिरिक्त, एक कृषि रक्षक पोर्टल और हेल्पलाइन (KRPH) शुरू की गई है, जिसका अखिल भारतीय टोल-फ्री नंबर 14447 है और इसे बीमा कंपनियों के डेटाबेस से जोड़ा गया है, जहाँ किसान अपनी शिकायतें/मुद्दे दर्ज करा सकते हैं। इन शिकायतों के समाधान के लिए समय-सीमा भी तय की गई है।

यह जानकारी कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री रामनाथ ठाकुर ने आज राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में दी।

***********

पीके/एके/केसी/डीवी/डीए


(Release ID: 2151508)
Read this release in: English , Urdu