जनजातीय कार्य मंत्रालय
धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान (डीएजेजीयूए)
Posted On:
30 JUL 2025 4:23PM by PIB Delhi
केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री श्री जुएल उरांव ने राज्यसभा में आज धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (डीएजेजीयूए) पर सदन के पटल पर एक वक्तव्य रखा। श्रीमती रमीलाबेन बेचारभाई बारा के तारांकित प्रश्न के उत्तर में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का उद्देश्य बुनियादी ढाँचे के अंतरालों (गैप्स) को दूर करके और स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, आंगनवाड़ी सुविधाओं और आजीविका के अवसरों तक पहुँच में सुधार करके लगभग 5 करोड़ जनजातीय लोगों को लाभान्वित करना है। यह पहल 26 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों में फैले हुए 549 जिलों के 2,911 ब्लॉकों के 63,843 जनजातीय गांवों को लक्षित करती है। इस कार्यक्रम को 2 अक्टूबर, 2024 को प्रारंभ होने से लेकर 31 मार्च, 2029 तक एक निर्धारित समय-सीमा के भीतर क्रियान्वित किया जाना है। इस अभियान में 17 संबंधित (लाइन) मंत्रालयों द्वारा क्रियान्वित 25 उपाय शामिल है।
समय-सीमा आधारित लक्ष्यों के साथ प्रत्येक उपाय के लिए पीएम गति शक्ति और प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका, बुनियादी ढांचा क्षेत्रों पर केपीआई) के माध्यम से एकीकृत वास्तविक समय निगरानी और मूल्यांकन के लिए एक मजबूत तंत्र की परिकल्पना की गई है। मंत्रालय ने राष्ट्रीय स्तर पर एक पीएमयू की स्थापना की है। यह इकाई अभियान के अंतर्गत अपने-अपने उपायों की प्रगति का आकलन करने के लिए सहयोगी मंत्रालयों के साथ नजदीकी समन्वय में काम करती है। यह राज्य स्तर पर कार्यान्वयन की वास्तविक और वित्तीय प्रगति की निगरानी के लिए राज्यों के साथ भी कार्य में सलंग्न रहती है। स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति की निगरानी के लिए संबंधित राज्य सरकारों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें भी आयोजित की जाती हैं। इसके अतिरिक्त, संबंधित मंत्रालयों के साथ निरंतर संपर्क भी किया जाता है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अभिसरण योजनाएं निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप आगे बढ़ रही हैं। योजना के कार्यान्वयन, सामुदायिक प्रतिक्रिया और वास्तविक समय संग्रह साधनों (टूल्स) का मूल्यांकन करने के लिए क्षेत्रीय (फील्ड) दौरों के माध्यम से समय-समय पर निगरानी की जाती है। इसके अलावा, मंत्रालय धरती आबा जनभागीदारी और आदि कर्मयोगी जैसी पहलों के माध्यम से, मंत्रालयों, विभागों और स्थानीय प्रशासन के बीच अभिसरण को सक्रिय रूप से बढ़ावा दे रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य डीएजेजीयूए के तहत द्वार तक सेवाएं पहुंचाना तथा प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए जमीनी प्रगति का आकलन करना है।
****
पीके/ एके / केसी/ केजे
(Release ID: 2150338)