रक्षा मंत्रालय
चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ ऑस्ट्रेलिया में बहुपक्षीय अभ्यास तालिस्मन सेबर 2025 के साक्षी बनेंगे
Posted On:
25 JUL 2025 5:25PM by PIB Delhi
चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (सीआईएससी) एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित अभ्यास तालिस्मन सेबर 2025 (टीएस25) के 11वें संस्करण का साक्षी बनने के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेंगे। इस अभ्यास का आयोजन 26-28 जुलाई, 2025 को किया जा रहा है। यह ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बल (एडीएफ) और यूनाइटेड स्टेट्स आर्म्ड फोर्सेज के नेतृत्व में एक प्रमुख बहुपक्षीय प्रशिक्षण अभियान है। इसमें क्षेत्रीय और वैश्विक भागीदारों के व्यापक स्पेक्ट्रम का प्रतिनिधित्व करने वाले 19 देशों की साझेदारी होने की संभावना है।
भारतीय सशस्त्र बलों के छह अधिकारी संयुक्त अभियान योजना, नियंत्रण, सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स के विभिन्न स्तरों पर स्टाफ प्लानर के रूप में चल रहे तालिस्मन सेबर 2025 में भाग ले रहे हैं। भारतीय अधिकारी इससे पहले 2021 और 2023 में पर्यवेक्षक के रूप में शामिल हो चुके हैं। अभ्यास तालिस्मन सेबर में भारतीय सशस्त्र बलों की भागीदारी बहुपक्षीय रक्षा कूटनीति में भारत की बढ़ती भूमिका और स्थिर हिंद-प्रशांत क्षेत्र में इसके सक्रिय योगदान का प्रमाण है। यह अभ्यास सैन्य संबंधों को विस्तार देने, रणनीतिक अंतर्दृष्टि का आदान-प्रदान करने और सहयोगात्मक सुरक्षा जुड़ाव के लिए भारत के दृष्टिकोण को व्यापक रूप देने का एक अमूल्य अवसर प्रस्तुत करता है।
अपनी यात्रा के दौरान, चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ ऑस्ट्रेलिया व अन्य भागीदार देशों के सशस्त्र बलों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और इस अभ्यास के तहत नियोजित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन करेंगे। यह यात्रा रक्षा सहयोग बढ़ाने और मित्र देशों के साथ आपसी सहभागिता विस्तारित करने की भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। यह यात्रा क्षेत्रीय सुरक्षा को बढ़ावा देने और भविष्य की जरूरतों के लिए सामूहिक तैयारी में एक विश्वसनीय भागीदार के रूप में भारतीय सशस्त्र बलों की बढ़ती हुई प्रतिष्ठा को भी उजागर करती है।
तालिस्मन सेबर 2025 में वायु, स्थल, समुद्र, अंतरिक्ष एवं साइबर क्षेत्रों में व्यापक सहभागिता और संयुक्त युद्धक क्षमताओं का प्रदर्शन होगा। इसमें स्वतंत्र, खुले तथा समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र के समर्थन में जटिल गोलाबारी अभ्यास, जल-थल संचालन, एकीकृत क्षेत्र प्रशिक्षण और आधुनिक बहु-डोमेन युद्धक कार्रवाई के लिए यथार्थवादी अभ्यास कार्यक्रम शामिल हैं।
***
एमजी/एके/केसी/एनके/एसएस
(Release ID: 2148510)